लखनऊ में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, नाका हिंडोला में अवैध शराब के साथ 4 गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान विंडीज ब्रांड की 12 पेटी देशी शराब एवं 52 लूज़ टेट्रा पैक बरामद किए गए।
–जिले में अवैध शराब की बिक्री व तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा
लखनऊ (BNE)। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी लखनऊ के निर्देश के अनुपालन में गुरुवार 2 अक्टूबर गाँधी जयंती के अवसर पर अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी की गई।
आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अवगत कराया। कि थाना नाका हिंडोला क्षेत्र के मवैया क्रॉसिंग के पास मुखबिर की सूचना पर आबकारी निरीक्षक प्रदीप कुमार शुक्ला (सेक्टर 8), कौशलेन्द्र रावत (सेक्टर 7) एवं विजय राठी (सेक्टर 9) अपनी-अपनी टीमों के साथ पहुंचे और मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान विंडीज ब्रांड की 12 पेटी देशी शराब एवं 52 लूज़ टेट्रा पैक बरामद किए गए। इस अवैध शराब के साथ मौके से 4 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 221 के अंतर्गत थाना नाका हिंडोला में अभियोग पंजीकृत कराते हुए उन्हें जेल भेजा गया।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री व तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।










