दिल्ली पुलिस ने ISI समर्थित 4 आतंकी किये गिरफ्तार, पाकिस्तान के इशारे पर दहशत फैलाने की थी साजिश
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तुर्की निर्मित जिगाना पिस्टल समेत दो विदेशी सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच के बाद स्पेशल सेल ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की
नई दिल्ली (BNE ) : दिल्ली पुलिस को एक अब्दी उपलब्धि मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े अंतरराज्यीय ऑपरेशन में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान दिल्ली और पंजाब से चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के मुताबिक, ये सभी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के इशारे पर दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तुर्की निर्मित जिगाना पिस्टल समेत दो विदेशी सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एसीपी विवेक कुमार त्यागी, इंस्पेक्टर सतीश राणा और इंस्पेक्टर अशोक की टीम को तकनीकी और खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तान में बैठा आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी अपने नेटवर्क के जरिए दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आतंकी घटना की साजिश रच रहा है। इसके लिए पंजाब के कुछ युवाओं को अपने जाल में फंसाया गया था।
प्रारंभिक जांच के बाद स्पेशल सेल ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद दिल्ली और पंजाब में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
सबसे पहले पंजाब के अमृतसर के मजीठा रोड इलाके से शुभदीप सिंह उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह शाहजाद भट्टी के पाकिस्तानी नेटवर्क के सीधे संपर्क में था और ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियारों तथा मादक पदार्थों की खेप प्राप्त करता था।
शुभदीप से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पंजाब से उसके दो सहयोगियों गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से तुर्की निर्मित जिगाना पिस्टल और चार कारतूस बरामद हुए।
जांच के दौरान पुलिस ने चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण और आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
जांच में सामने आया है कि गगनप्रीत को पाकिस्तानी हैंडलर्स ने बेहद संवेदनशील जिम्मेदारी सौंपी थी। वह दिल्ली में पुलिस थानों, पुलिस पिकेट्स और प्रमुख धार्मिक स्थलों की रेकी कर चुका था तथा उनकी वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेज रहा था। इसके अलावा उसे राजधानी में किसी स्थान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने का भी टास्क दिया गया था।
फिलहाल स्पेशल सेल पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस मॉड्यूल से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा देश के अन्य राज्यों में भी इसका नेटवर्क सक्रिय था या नहीं।










