पुनः आए झटकों ने बढ़ाई दहशत, नेपाल और भारत तक महसूस हुआ असर
तिब्बत के शिज़ांग क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बार फिर भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4 मापी गई। यह भूकंप सुबह 6:58 बजे आया, जिसका केंद्र सतह से 10 किलोमीटर नीचे था। पड़ोसी नेपाल में भी हल्के झटके महसूस हुए, जहां तीव्रता 4.2 दर्ज की गई।
इससे पहले मंगलवार को 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने दक्षिणी तिब्बत में तबाही मचाई। 126 लोगों की मौत हो चुकी है और 188 से अधिक लोग घायल हैं। शिगाज़े शहर के डिंगरी काउंटी में भूकंप का केंद्र था, जो तिब्बती पठार का संवेदनशील क्षेत्र है।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने राहत और बचाव कार्य तेज़ करने का निर्देश दिया है। माउंट एवरेस्ट के पास पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय और यूरेशियन प्लेटों के टकराव के कारण यह क्षेत्र भूकंप के प्रति अति संवेदनशील है।










