DC vs KKR Highlights: सुनील नरेन की ऑलराउंड चमक में डूबी दिल्ली, कोलकाता ने 14 रन से दर्ज की जीत
केकेआर ने 205 रन बनाकर दिल्ली को 190 पर रोका, नरेन ने बल्ले और गेंद दोनों से किया कमाल, प्लेऑफ की रेस में बनाए रखी उम्मीदें
आईपीएल 2025 का 48वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच दिल्ली के घरेलू मैदान पर खेला गया, जहां एक बार फिर दिल्ली की टीम को हार का सामना करना पड़ा। केकेआर ने इस रोमांचक मुकाबले में 14 रन से जीत दर्ज की और प्लेऑफ की रेस में खुद को बनाए रखा। इस मैच के हीरो रहे सुनील नरेन, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने विस्फोटक अंदाज में पारी की शुरुआत की। रहमानुल्लाह गुरबाज और सुनील नरेन की जोड़ी ने सिर्फ 3 ओवर में 48 रन जोड़ दिए। इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे, अंगकृष रघुवंशी (44 रन) और रिंकू सिंह (36 रन) की दमदार पारियों ने टीम को 204 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
दिल्ली के लिए गेंदबाजी में मिचेल स्टार्क ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट चटकाए, जबकि विप्रज निगम और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए।
205 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। जल्दी-जल्दी विकेट गिरते गए। करुण नायर और केएल राहुल कुछ खास नहीं कर सके। फाफ डुप्लेसी (62 रन) और कप्तान अक्षर पटेल (43 रन) ने उम्मीद जगाई, लेकिन अन्य बल्लेबाजों के फ्लॉप शो ने टीम की हार सुनिश्चित कर दी।
केकेआर की गेंदबाजी में सुनील नरेन ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके अलावा वरुण चक्रवर्ती ने 2 विकेट लिए, जबकि रसेल, अरोड़ा और अनुकूल ने 1-1 सफलता हासिल की।
इस जीत के साथ कोलकाता ने दिल्ली को उसी के घर में शिकस्त देकर प्लेऑफ की उम्मीदें और मजबूत कर ली हैं।










