पहलगाम हमले पर भड़के दानिश कनेरिया, पाक मंत्री को सुनाई खरी-खरी—’आतंकवाद को समर्थन दे रहा है पाकिस्तान’
पाकिस्तान के डिप्टी पीएम ने आतंकियों को बताया ‘फ्रीडम फाइटर’, पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने सोशल मीडिया पर जताई कड़ी आपत्ति
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन इलाके में हुए आतंकवादी हमले के बाद पूरे देश में शोक और गुस्से का माहौल है। इस क्रूर हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई। भारत सरकार ने इस नृशंस हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए सिंधु जल समझौता बंद करने जैसे कई बड़े फैसले लिए हैं।
पाकिस्तानी मंत्री का विवादित बयान
इस हमले को लेकर पाकिस्तान की ओर से प्रतिक्रिया आई, लेकिन वह प्रतिक्रिया आग में घी डालने जैसी साबित हुई। पाकिस्तान के डिप्टी प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने हमले को लेकर विवादित बयान देते हुए, हमलावर आतंकियों को ‘फ्रीडम फाइटर’ बताया। इस बयान से भारत ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के भीतर भी विरोध की लहर उठ गई।
दानिश कनेरिया ने लगाई अपने ही मंत्री की क्लास
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा,
“जब पाकिस्तान का डिप्टी पीएम आतंकवादियों को स्वतंत्रता सेनानी कहता है, तो यह न केवल अपमानजनक है बल्कि यह भी दर्शाता है कि पाकिस्तान पूरी तरह आतंकवाद का समर्थन करता है।”
पहले भी जताई थी हमले की निंदा
दानिश कनेरिया 22 अप्रैल को ही पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा कर चुके हैं। वे सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और राजनीतिक व सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते हैं।जहां पाकिस्तान के मंत्री का बयान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना का कारण बना है, वहीं दानिश कनेरिया जैसे जिम्मेदार व्यक्तित्व का विरोध दर्शाता है कि आतंकवाद का समर्थन हर किसी को स्वीकार नहीं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान सरकार इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है, क्योंकि दुनिया अब सिर्फ बयानबाज़ी से नहीं, ठोस कार्रवाई से बदलाव चाहती है।










