भाजपा का आरोप -नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने धक्का-मुक्की की जिस वजह से उसके बुजुर्ग सांसद प्रताप सारंगी चोटिल हुए।
नई दिल्ली,(BNE ) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए बाबा साहेब पर बयान की वजह से गुरुवार को संसद परिसर में दोनों पक्षों द्वारा प्रदर्शन किया गया। इसी प्रदर्शन में भाजपा सांसद प्रताप सारंगी चोटिल धक्का मुक्की में घायल हो गए ,इसके बाद मामले में राजनीती और तेज हो गई। भारतीय जनता पार्टी का आरोप है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने धक्का-मुक्की की जिस वजह से उसके बुजुर्ग सांसद प्रताप सारंगी चोटिल हुए। सारंगी को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दूसरी तरफ, राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा सांसदों ने उन्हें और अन्य विपक्षी सदस्यों को संसद भवन में जाने से रोका और धक्का-मुक्की की। गृह मंत्री अमित शाह की, बाबासाहेब आंबेडकर से संबंधित टिप्पणी को लेकर विरोध जताते हुए विपक्षी सदस्यों ने मार्च निकाला तो भाजपा सांसदों ने कांग्रेस पर बाबासाहेब के अपमान का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।राहुल गांधी ने दावा किया कि खरगे और प्रियंका गांधी के साथ भी धक्का-मुक्की की गई, लेकिन इससे विपक्ष को फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यह संसद है और अंदर जाना हमारा अधिकार है।” उन्होंने कहा कि मुख्य मुद्दा यह है कि संविधान और बाबासाहेब की स्मृति का अपमान हुआ है।
संसद भवन के ‘मकर द्वार’ के निकट सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्य एक दूसरे के सामने आ गए और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि भाजपा सदस्यों ने संसद परिसर में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई महिला सांसदों के साथ धक्का-मुक्की की, जो भाजपा की तानाशाही को दिखाता है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संवाददाताओं को बताया कि सारंगी के सिर में चोट लगी और खून रोकने के लिए कुछ टांके लगाए गए हैं। चौहान और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अस्पताल जाकर सारंगी से मुलाकात भी की। इस मामले में शिकायत दर्ज कराने अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज समेत राजग के तीन सांसद संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचे। एक अधिकारी ने बताया कि ठाकुर और स्वराज ने तेलुगू देशम पार्टी के एक सांसद के साथ पुलिस थाने में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।
बता दें कि संविधान निर्माता बी आर आंबेडकर के कथित अपमान को लेकर संसद परिसर में विपक्ष और राजग सांसदों के बीच हुई धक्का-मुक्की में पूर्व मंत्री प्रतापचंद्र सारंगी घायल हो गए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सारंगी को धक्का देने का आरोप लगाया हालांकि कांग्रेस नेता ने इस आरोप को खारिज कर दिया। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि इस धक्का-मुक्की में भाजपा सांसद मुकेश राजपूत भी घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सारंगी और राजपूत को फोन कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली है।










