BHOPAL-भाजपा सांसद गजेंद्र पटेल का विवादित बयान
‘5 बच्चे पैदा करो और हथियार रखो’…
भाजपा सांसद ने समाज और परिवार को मजबूत बनाने के लिए युवाओं को नशे से दूर रहने की भी सलाह दी
भोपाल (BNE) : मध्य प्रदेश के खरगोन-बड़वानी से भाजपा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र सिंह पटेल के एक बयान ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। एक कार्यक्रम में हिंदू युवाओं से 5 बच्चे पैदा करने और हथियार रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सनातनी होने के नाते वह यह बात कहने से नहीं डरते।
शुक्रवार देर रात जनसभा को संबोधित करते हुए पटेल ने कहा कि हिंदू युवाओं को शादी करनी चाहिए और 5 बच्चे पैदा करने चाहिए। उन्होंने इसके पीछे जन्म दर का तर्क देते हुए कहा कि सनातनी समुदायों में जन्म दर घटकर 1.9 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने दावा किया कि आज 4 बच्चों में से केवल एक हिंदू होता है, जबकि बाकी 3 दूसरे समुदायों से होते हैं। उनके इस बयान को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा है कि ‘दूसरे समुदाय’ से उनका इशारा मुस्लिम समुदाय की ओर था।
पटेल ने कहा कि मौजूदा समय में जन्म दर के आंकड़ों में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। उनके मुताबिक, एक समुदाय की जन्म दर 1.9 प्रतिशत है, जबकि दूसरे समुदाय की जन्म दर 2.9 प्रतिशत है। उन्होंने 1947 से 1967 के बीच की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में परिवार बड़े होते थे और लोग 4 से 7 बच्चों तक की जिम्मेदारी उठाते थे। उन्होंने कहा कि उस समय 20 से 22 साल की उम्र तक शादियां भी हो जाती थीं, लेकिन अब युवा 40 साल की उम्र तक शादी नहीं करते और कई लोग केवल एक बच्चे को पर्याप्त मानते हैं।
भाजपा सांसद ने समाज और परिवार को मजबूत बनाने के लिए युवाओं को नशे से दूर रहने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए जिम और पारंपरिक कुश्ती के अखाड़े बनाए जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आज डीजे संस्कृति और नशे का युवाओं पर असर पड़ रहा है और समाज की मजबूती के लिए इससे बाहर निकलना जरूरी है। पटेल ने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि इलाके का प्रतिनिधित्व कांग्रेस विधायक राजन मंडलोई करते हैं, लेकिन मुश्किल समय में ‘सनातनी’ ही एक-दूसरे के काम आएंगे। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की भक्ति करने वाले युवाओं को उनकी तरह हथियार धारण करना भी सीखना चाहिए और हथियार रखने चाहिए।
उन्होंने युवाओं से डीजे, ड्रग्स और दहेज जैसी सामाजिक बुराइयों को गंभीरता से लेने की अपील की। पटेल ने कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए नशे से दूर रहना और परिवार एवं सामाजिक मूल्यों को मजबूत करना जरूरी है। उनके 5 बच्चे पैदा करने और हथियार रखने वाले बयान को लेकर अब राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।










