नेपाल के घटनाक्रम पर ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट की प्रतिक्रिया
नेपाल की जनता ने मीडिया प्रतिबंध और सत्ता के शीर्ष पर बैठे हुए प्रधानमंत्री समेत मंत्रियों और विपक्ष की राजनीतिक ताकतों पर जिस तरह से अपने विक्षोभ को व्यक्त किया है, उससे यह लगता है कि वहां की जनता गहरे आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है। बेकारी, महंगाई और भाई-भतीजावाद से त्रस्त जनता पर पहले दिन सरकार द्वारा जिस तरह से गोली चलवाई गई वह नेपाल के इतिहास में पहली बार घटित हुआ है। यहां तक कि माओवादियों द्वारा चलाए गए जन युद्ध में भी इस तरह सरकार द्वारा आंदोलनकारियों की सामूहिक हत्या नहीं की गई थी। 8 सितंबर 2025 को चली गोली से मारे गए नौजवानों और नागरिकों की हत्या पर ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट गहरी संवेदना व्यक्त करता है।
एआईपीएफ नेपाल की जनता से यह अपेक्षा करता है कि वह अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता और शांति बनाए रखेगी और लोकतांत्रिक व्यवस्था निर्माण के जिन कार्यभारों को इन सरकारों ने छोड़ दिया था उसे आगे बढ़ाएगी। एआईपीएफ यह भी अपेक्षा करता है कि नेपाली जनता किसी भी तरह की विदेशी ताकतों को दखल की इजाजत नहीं देगी और अपना लोकतांत्रिक गणराज्य बरकरार रखेगी।










