नई दिल्ली-मोदी कैबिनेट ने सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी
महिला आरक्षण कानून में हो सकते हैं बड़े बदलाव,30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
नई दिल्ली. देश की संसदीय व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी के बीच केंद्र सरकार ने लोकसभा की सीटों को लेकर महत्वपूर्ण फैसला लिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई. प्रस्ताव के मुताबिक, सीटों की यह नई अधिकतम सीमा वर्ष 2050 तक लागू रहेगी.
यह फैसला 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले लिया गया है. माना जा रहा है कि इस सत्र में सरकार महिला आरक्षण कानून और परिसीमन से जुड़े प्रावधानों में संशोधन के लिए नए विधेयक पेश कर सकती है.
दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने की कोशिश
लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी के फैसले को परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत के राज्यों की चिंताओं से जोड़कर देखा जा रहा है. दरअसल, जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने की स्थिति में अधिक जनसंख्या वाले राज्यों की लोकसभा सीटें बढ़ सकती हैं, जबकि दक्षिणी राज्यों को अपने संसदीय प्रतिनिधित्व में अपेक्षाकृत कम हिस्सेदारी मिलने की आशंका जताई जा रही है.
सरकार जिस फॉर्मूले पर विचार कर रही है, उसके तहत 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच मौजूदा सीटों के अनुपात को बरकरार रखते हुए सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाई जा सकती है. इससे राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के मौजूदा संतुलन को बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है.
महिला आरक्षण कानून में हो सकते हैं बड़े बदलाव
केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़े कानून में संशोधन की तैयारी कर रही है. इसके लिए संविधान संशोधन विधेयक लाए जाने की संभावना है. इससे पहले सरकार ने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने और महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को परिसीमन से जोड़ने का प्रस्ताव रखा था. हालांकि, अप्रैल में यह विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका था. अब नए प्रस्ताव के जरिए महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया और लोकसभा सीटों की संख्या से जुड़े प्रावधानों में बदलाव किए जाने की संभावना है.
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
लोकसभा का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है. सरकारी कामकाज और विधायी एजेंडे के आधार पर सत्र के 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है. इस विशेष सत्र में महिला आरक्षण, परिसीमन और लोकसभा सीटों की संख्या से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं. सरकार के प्रस्तावों पर संसद में होने वाली चर्चा से देश की संसदीय प्रतिनिधित्व व्यवस्था में संभावित बदलावों की दिशा स्पष्ट हो सकती है.










