
कन्नौज: विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर बूथों का स्थलीय सत्यापन तेज
छिबरामऊ के 53 मतदान केंद्रों पर परखी गईं मूलभूत सुविधाएं
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में निर्वाचन संबंधी तैयारियों को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र 196-छिबरामऊ के 53 मतदान केंद्रों का सेक्टर अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर बूथों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं एवं आवश्यक संसाधनों की स्थिति का भौतिक सत्यापन किया गया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदान केंद्रों पर वलनरेबिलिटी मैपिंग, एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी की उपलब्धता तथा निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण करना है, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और निर्वाचन प्रक्रिया निर्बाध रूप से संपन्न कराई जा सके।
इस दौरान सेक्टर अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, अवर अभियंता, सिंचाई खंड कन्नौज; धर्मेंद्र सिंह, प्रवक्ता (रसायन विज्ञान), बृजभूषण हजेला भारतीय इंटर कॉलेज, तालग्राम; शैलेश कुमार, अनुदेशक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, छिबरामऊ; देवेश दीक्षित, सहायक मलेरिया अधिकारी तथा अभिषेक वर्मा, प्रवक्ता, एम.एम.आई.टी., अनौगी द्वारा निर्धारित मतदान बूथों का भौतिक सत्यापन किया गया।
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर पेयजल, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, रैंप, छाया, पहुंच मार्ग सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं स्थिति का जायजा लिया गया। साथ ही मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा निर्वाचन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक बिंदुओं का आकलन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदेय स्थल पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। निर्वाचन से पूर्व सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराना, संवेदनशील एवं वलनरेबल क्षेत्रों की पहचान कर समय से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिन पात्र मतदाताओं के गणना प्रपत्र जमा नहीं हो सके हैं तथा जिनके नाम सूची में सम्मिलित हैं, उन्हें भी मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 के माध्यम से आवेदन करने हेतु जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियों में सुधार एवं मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर पाई जाने वाली कमियों को समयबद्ध ढंग से दूर कर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे आगामी विधानसभा निर्वाचन में प्रत्येक मतदाता सुगमता एवं निर्भीकता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
Post Views: 13