
नौरंगिया में आयोजित वृहद रोजगार मेले में 456 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग, 219 का हुआ प्रारंभिक चयन*
*सांसद विजय कुमार दुबे ने किया रोजगार मेले का शुभारंभ, चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किए नियुक्ति पत्र*
कुशीनगर(BNE)प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत आज राजेश मणि इंटर कॉलेज, नौरंगिया, विधानसभा क्षेत्र खड्डा के परिसर में जिला सेवायोजन कार्यालय, कुशीनगर एवं मॉडल करियर सेंटर, कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कुल 15 कंपनियों ने प्रतिभाग कर बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद कुशीनगर विजय कुमार दुबे द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न कंपनियों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा परिसर में स्थापित कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त की।
रोजगार मेले में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, अशोक लेलैंड, हिंडाल्को, स्वतंत्र माइक्रोफिन लिमिटेड, एलएंडटी फाइनेंस, उत्कर्ष फाइनेंस बैंक, वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड सहित कुल 15 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इन कंपनियों द्वारा रोडवेज संविदा चालक, ब्लॉक ऑफिसर, फील्ड ऑफिसर, ट्रेनी क्रेडिट ऑफिसर, लोन ऑफिसर एवं स्पिनिंग ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया।
इस रोजगार मेले में कुल 456 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार के उपरांत 219 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए प्रारंभिक चयन किया गया। रोजगार मेले के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष एवं राजेश मणि इंटर कॉलेज के प्रबंधक संतोष मणि त्रिपाठी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश वर्मा, रामानुज मिश्रा, धर्मेंद्र राय, उमा शंकर, मंडल अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, महामंत्री राजेश्वर सिंह, मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, मंडल मंत्री अभिषेक कुशवाहा, जिला आईटीआई सह संयोजक प्रदीप सिंह तथा राजेश मणि इंटर कॉलेज, नौरंगिया के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती दुर्गा गुप्ता ने किया। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार, अपर सांख्यिकीय अधिकारी अरविंद कुमार यादव, अभय श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अभिषेक मिश्रा, जितेंद्र जायसवाल, प्रशांत कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित यह वृहद रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
Post Views: 22