वॉशिंगटन-अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA पर साइबर हमले की खबर से सुरक्षा तंत्र में मचा हड़कंप
हैकरों ने नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर (NCIC) के डेटाबेस को भी निशाना बनाया है
अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA पहले भी कई बड़े साइबर हमलों और सूचनाओं के लीक होने की घटनाओं का सामना कर चुकी है।
वॉशिंगटन (AGENCY )) : मिडिल ईस्ट में ईरान के साथ जारी जंग और मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है। अमेरिका की खुफिया एजेंसी सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) पर साइबर हमले की खबर से सुरक्षा तंत्र में हड़कंप मच गया है। हैकरों ने डेटाबेस में सेंध लगाकर सोशल मीडिया, सैटेलाइट इमेज और अन्य सार्वजनिक जानकारियां चुरा ली हैं। इस साइबर हमले का असर ऑफिस ऑफ द डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस (ODNI) पर भी पड़ा है। घटना के बाद अमेरिकी खुफिया नेटवर्क की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अमेरिकी खुफिया एजेंसियां दुनियाभर में संभावित खतरों की पहचान करने और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाने का काम करती हैं। ऐसे में खुफिया तंत्र से जुड़े सिस्टम में सेंधमारी को अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बड़ी चिंता माना जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि साइबर हमले के पीछे किसका हाथ है। हैकरों ने सिस्टम में किस तरह और कब सेंध लगाई, इसकी भी जांच की जा रही है। CIA के सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी सामने आने के बाद इस साइबर हमले का पता चला। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी कृषि विभाग के डेटाबेस से भी जानकारियां चोरी हुई हैं। FBI के डेटाबेस को दो बार हैक करने की कोशिश की गई है। पेंटागन और अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग भी साइबर हमलों से प्रभावित बताए जा रहे हैं।
हैकरों ने नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर (NCIC) के डेटाबेस को भी निशाना बनाया है। इस डेटाबेस के माध्यम से अमेरिका की संघीय, राज्य और क्षेत्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियां आपस में सूचनाओं का आदान-प्रदान करती हैं। ऐसे संवेदनशील सिस्टम पर हमले से सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचना साझा करने की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA पहले भी कई बड़े साइबर हमलों और सूचनाओं के लीक होने की घटनाओं का सामना कर चुकी है। वर्ष 2016-17 में हुआ वॉल्ट-7 (Vault 7) लीक इसका सबसे चर्चित मामला है। उस दौरान CIA के साइबर हथियारों, हैकिंग टूल्स और निगरानी तकनीकों से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक हो गए थे। CIA के पूर्व कर्मचारी जोशुआ शुल्टे पर इन दस्तावेजों को चुराकर विकिलीक्स को देने का आरोप लगा था। मार्च 2017 में विकिलीक्स ने इन दस्तावेजों को सार्वजनिक करना शुरू किया था।
इससे पहले वर्ष 2015 में तत्कालीन CIA निदेशक जॉन ब्रेनन का निजी AOL ईमेल अकाउंट भी हैक कर लिया गया था। हैकरों ने सोशल इंजीनियरिंग तकनीक के जरिए उनके ईमेल अकाउंट तक पहुंच बनाई थी। इस घटना में CIA के आधिकारिक नेटवर्क पर सीधा हमला नहीं हुआ था, लेकिन कई महत्वपूर्ण जानकारियां और दस्तावेज लीक हो गए थे।
CIA से जुड़ी एक अन्य बड़ी सुरक्षा चूक वर्ष 2009 से 2013 के बीच सामने आई थी। उस दौरान CIA के अधिकारी विदेशी एजेंटों और मुखबिरों से संपर्क करने के लिए जिस गुप्त नेटवर्क का इस्तेमाल करते थे, हैकरों ने उसमें सेंध लगा दी थी। वर्ष 2018 में Yahoo News की एक रिपोर्ट में इस मामले का खुलासा हुआ था। यह घटना साइबर हमले से अधिक खुफिया संचार व्यवस्था की सुरक्षा में हुई गंभीर चूक से जुड़ी थी। इससे अमेरिकी खुफिया एजेंसी के गुप्त नेटवर्क और उसके विदेशी संपर्कों की सुरक्षा पर भी सवाल उठे थे।










