नई दिल्ली-नए वर्ष में मलेशिया की सैर करने वाले भारतीयों को लगा जोर का झटका
भारतियों को 30 दिनों की वीजा-मुक्त प्रवेश यानी वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा को समाप्त करने का फैसला
किसी भी स्थिति में वापस नहीं होगी वीजा फीस, मेडिकल इंश्योरेंस की सलाह
नई दिल्ली (BNE): नए साल में विदेश यात्रा और खासतौर पर मलेशिया घूमने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए एक बेहद अहम बदलाव होने जा रहा है। मलेशिया सरकार ने भारतीय नागरिकों को मिल रही 30 दिनों की वीजा-मुक्त प्रवेश यानी वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा को समाप्त करने का फैसला लिया है। नए नियम के मुताबिक, 1 जनवरी 2027 से मलेशिया की यात्रा करने वाले भारतीयों के लिए पहले से वैध वीजा हासिल करना अनिवार्य होगा। मलेशिया के आव्रजन विभाग (JIM) ने 17 नवंबर को एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर इस फैसले की जानकारी दी है, जिसके बाद पर्यटकों और अन्य यात्रियों को अपनी यात्रा की तैयारियां नए नियमों के अनुसार करनी होंगी।
1 दिसंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन, 31 दिसंबर तक ही मिलेगी छूट
मलेशिया के आव्रजन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 1 जनवरी 2027 से मलेशिया में प्रवेश करने वाले भारतीय नागरिकों को यात्रा से पहले वीजा लेना जरूरी होगा। इसके लिए यात्री 1 दिसंबर 2026 से ‘माईवीजा’ (MyVISA) पोर्टल के माध्यम से अपने आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। गौरतलब है कि मलेशिया ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश की यह सुविधा 1 दिसंबर 2023 को शुरू की थी, जिसके तहत भारतीय बिना वीजा के वहां 30 दिनों तक ठहर सकते थे। बाद में इस छूट को बढ़ाकर 2026 के अंत तक कर दिया गया था, लेकिन अब विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि 31 दिसंबर 2026 के बाद यह सुविधा आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
किसी भी स्थिति में वापस नहीं होगी वीजा फीस, मेडिकल इंश्योरेंस की सलाह
आव्रजन विभाग ने वीजा शुल्क और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर भी यात्रियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने साफ किया है कि वीजा प्रोसेसिंग फीस किसी भी परिस्थिति में रिफंड नहीं की जाएगी। चाहे आवेदन खारिज हो जाए, नीति में कोई बदलाव आ जाए या यात्री अपनी यात्रा की योजना बदल दे, शुल्क वापस नहीं मिलेगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि मलेशिया सरकार के निर्देशों के तहत प्रवेश नियमों में कभी भी बदलाव किया जा सकता है। इसके अलावा, अधिसूचना में विदेशी यात्रियों को अपने पूरे प्रवास के लिए ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस लेने की सलाह दी गई है, क्योंकि गैर-निवासियों को मलेशिया में इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा खर्च स्वयं उठाना होगा।
रोजगार की तलाश को लेकर भारत पहले ही जारी कर चुका है एडवाइजरी
गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर महीने में भारत सरकार ने मलेशिया में मौजूद अपने नागरिकों को एक एडवाइजरी जारी कर स्पष्ट सलाह दी थी कि वे वहां नौकरी या रोजगार तलाशने के लिए 30 दिन की वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा का इस्तेमाल न करें। अब 1 जनवरी 2027 से यह छूट पूरी तरह समाप्त होने के बाद मलेशिया जाने वाले सभी भारतीय नागरिकों को यात्रा से पूर्व वीजा से जुड़ी सभी औपचारिकताएं अनिवार्य रूप से पूरी करनी होंगी।










