बोलेरो की ठोकर से सात साल की बच्ची की मौत
: बुआ के घर मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थी मोहिनी, खुशियां मातम में बदलीं
अरविन्द कुमार गुप्ता
कुशीनगर। रामकोला थाना क्षेत्र के टेकुआटार-मथौली मार्ग पर स्थित ग्रामसभा सिधावें के भड़कुड़वां में गुरुवार को मांगलिक कार्यक्रम की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मृत बच्ची अपनी बुआ के घर मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थी।
जानकारी के अनुसार, फरदहां गांव निवासी हृदयानंद की सात वर्षीय पुत्री मोहिनी कुमारी भड़कुड़वां निवासी अपनी बुआ के घर आई थी। रामप्रवेश भारती के यहां मांगलिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान टेकुआटार की तरफ से बोलेरो लेकर मथौली की ओर जा रहे चालक ने रामप्रवेश के घर के सामने अचानक बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मोहिनी गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बोलेरो को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल बच्ची को मथौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बोलेरो रामकोला थाना क्षेत्र के टेकुआटार खैरेटवां निवासी नईमुल्लाह की बताई जा रही है। घटना के समय उनका 26 वर्षीय बेटा हबीबुल्लाह वाहन चला रहा था। सूचना पर पहुंची रामकोला पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बोलेरो और चालक को थाने पहुंचाया। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मांगलिक कार्यक्रम की खुशियां गम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया।
इस संबंध में रामकोला थानाध्यक्ष स्वतंत्रत सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।वाहन चालक को हिरासत में लिया गया है।









