मनीला-हिंद-प्रशांत क्षेत्र का भविष्य आपसी प्रतिस्पर्धा में नहीं, बल्कि सहयोग और साझेदारी में है-PM MODI
मनीला में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत क्वाड देशों के प्रमुख नेताओं के साथ पीएम मोदी ने अहम बैठक की
क्वाड को भरोसेमंद साझेदारी मानता है भारत,मनीला से जुड़ा है क्वाड का पुराना इतिहास
मनीला(AGENCY ))- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत क्वाड देशों के प्रमुख नेताओं के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान सभी नेताओं ने एक साथ मंच साझा किया और आधिकारिक फोटो सेशन में हिस्सा लिया।
इस मुलाकात के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताते हुए कहा कि वे एक सख्त प्रधानमंत्री और महान नेता हैं। ट्रंप ने कहा कि दुनियाभर में पीएम मोदी का सम्मान किया जाता है।
ट्रंप बोले- मोदी मेरे अच्छे दोस्त
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद ट्रंप ने उनके नेतृत्व की सराहना की। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने भी दोनों नेताओं के बीच अच्छे संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी और ट्रंप की अक्सर बातचीत होती रहती है और दोनों के बीच संपर्क का रास्ता हमेशा खुला रहता है।
बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने, आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने तथा चारों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
क्वाड को भरोसेमंद साझेदारी मानता है भारत
क्वाड बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के लिए यह समूह एक भरोसेमंद साझेदारी का प्रतीक है। समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत पहुंचाने और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में चारों देश मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि क्वाड का उद्देश्य साझा चुनौतियों का मिलकर समाधान निकालना और क्षेत्र में भरोसेमंद सहयोग को बढ़ावा देना है।
मनीला से जुड़ा है क्वाड का पुराना इतिहास
प्रधानमंत्री मोदी ने मनीला और क्वाड के बीच पुराने संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली बैठक इसी शहर में हुई थी। इसके बाद 2017 में मनीला में ही क्वाड के बीच बातचीत की प्रक्रिया दोबारा शुरू हुई।
मोदी ने कहा कि पिछले साल जनवरी से अब तक चारों देशों के विदेश मंत्री पांच बार मुलाकात कर चुके हैं। यह क्वाड के प्रति सभी देशों की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इससे पहले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र का भविष्य आपसी प्रतिस्पर्धा में नहीं, बल्कि सहयोग और साझेदारी में है।










