कन्नौज: सपा सरकार में शाम को नहीं निकल पाती थीं बेटियां: पंकज चौधरी
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित घुमंतू गौरव समागम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में सपा की सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि शाम के समय बेटियां घरों से बाहर नहीं निकल पाती थीं। नई पीढ़ी को उस समय के हालात जानने के लिए अपने माता-पिता से सपा सरकार के कामकाज के बारे में पूछना चाहिए। इंटरनेट पर भी 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था की स्थिति देखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सपा के नेताओं को अभी से चुनाव में आने का एहसास होने लगा है, इसलिए उनके कार्यकर्ता धमकियां देने लगे हैं। पार्टी के मुखिया को भी अपने कार्यकर्ताओं को इस तरह के बयान देने से रोकने के लिए मजबूर होना पड़ा।
पंकज चौधरी ने कन्नौज के चर्चित नाबालिग से दुष्कर्म के मामले का जिक्र करते हुए नवाब सिंह यादव का नाम लिए बिना सपा नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ था, तब सपा के बड़े-बड़े नेता आरोपी के साथ खड़े हो गए थे। भाजपा सरकार ने उस अपराधी को सजा दिलाने का काम किया।
पूर्ववर्ती सरकारों ने घुमंतू समाज की चिंता नहीं की
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के इतने साल बाद भी पूर्ववर्ती सरकारों ने घुमंतू समाज की चिंता नहीं की। शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी इस समाज के लिए कोई काम नहीं किया गया। खुद को जनजातीय समाज का मसीहा बताने वाली पार्टियों की सरकारों में भी इन समुदायों का उत्थान नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद अंत्योदय के उत्थान पर काम शुरू किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 484 विमुक्त जातियों के उत्थान के ए 36 करो 75 लाख रुए का
बजट स्वीकृत किया है। सरकार की योजनाओं का लाभ 5 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
घुमंतू समाज को मिलेगा आधार, राशन कार्ड और आवास
पंकज चौधरी ने घुमंतू समाज के उत्थान के लिए बोर्ड के गठन को महत्वपूर्ण कदम बताया। इसके लिए उन्होंने समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बोर्ड घुमंतू समाज के लोगों को आधार कार्ड, राशन कार्ड और आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार समाज के लोगों के साथ अपने रिश्ते मजबूत करने के लिए सम्मान, पहचान, अवसर और विकास के क्षेत्र में काम कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार का संकल्प हर वर्ग को विकसित करने का है। युवाओं को कोचिंग से लेकर कलेक्टर बनाने तक के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
सांसद परिवार पर भी साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कन्नौज के सांसद और उनके परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां सांसद और उनके परिवार की कई पीढ़ियों ने सुख भोगा, लेकिन घुमंतू समाज के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समाज के साथ भेदभाव किया गया और परिवार के उत्थान पर ही ध्यान दिया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के काम कर रही है। लोगों को 2017 से पहले की सरकारों के कामकाज और मौजूदा व्यवस्था की तुलना करनी चाहिए। प्रदेश की जनता सपा सरकार के कार्यकाल की स्थिति भूली नहीं है।
असीम बोले पुलिस तमंचे के साथ बच्चों को फंसाकर भेजती है जेल
यूपी सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की एक गलत आदत पड़ चुकी है। जब ऊपर से किसी अधिकारी को तमंचा या शराब पकड़ने का आदेश मिलता है और दरोगा किसी आरोपी को पकड़ नहीं पाते, तो वे घुमंतू समाज के बच्चों को ही पकड़कर तमंचे के साथ जेल भेज देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस भले ही अदालत से सजा दिलवा दे, लेकिन ऊपर वाले की अदालत में जब फैसला होगा, तब कोई उन्हें बचा नहीं पाएगा।
रात 3 बजे भी कर सकते हैं फोन
असीम अरुण ने कहा कि अगर पुलिस किसी को गलत तरीके से फंसाने का प्रयास करे तो उन्हें रात 3 बजे भी फोन कर सकते हैं। वह फोन रिसीव करेंगे और संबंधित एसपी व एसओ से बात करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी बच्चे को गलत तरीके से फंसने नहीं दिया जाएगा।
बोर्डिंग ग्राउंड में हुआ घुमंतू गौरव समागम
इससे पहले रविवार को शहर के बोर्डिंग ग्राउंड में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर घुमंतू गौरव समागम का आयोजन किया गया। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में घुमंतू और वंचित समुदायों के लोगों को एक मंच पर लाने की पहल की गई।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी दोपहर करीब 12:15 बजे पहुंचे। कार्यक्रम का निर्धारित समय सुबह 9:30 बजे था। मंच पर पहुंचने पर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
जयकारों से गूंजा कार्यक्रम स्थल
कार्यक्रम के लिए बोर्डिंग ग्राउंड में आकर्षक मंच तैयार किया गया था। सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अतिथियों के स्वागत की जिम्मेदारी संभाली। प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। भारत माता और महापुरुषों के जयकारों से पूरा कार्यक्रम स्थल गूंज उठा।









