तेहरान-स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में दो तेल टैंकरों में जोरदार धमाके होने के बाद लगी आग
ईरान का दावा-बारूदी सुरंगों से टकराए जहाज
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ईरान और ओमान के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है
तेहरान (agency )) : ईरान और ओमान के बीच स्थित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में दो तेल टैंकरों में जोरदार धमाके होने के बाद आग लग गई। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नेवी (IRGC) ने दावा किया है कि दोनों टैंकर समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों से टकरा गए थे। ईरान के सरकारी टीवी ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी दी।
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नेवी के मुताबिक, दो तेल टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों जहाज समुद्र में बिछी बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद टैंकरों में जोरदार धमाके हुए और आग लग गई।
ईरान के सरकारी टीवी के अनुसार, दोनों टैंकरों ने इस समुद्री मार्ग से गुजरने के लिए ईरानी अधिकारियों के साथ आवश्यक तालमेल नहीं किया था। IRGC ने इसी को दोनों जहाजों के बारूदी सुरंगों की चपेट में आने की वजह बताया है। हालांकि, फिलहाल इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ईरान और ओमान के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है। सऊदी अरब, इराक, कुवैत, कतर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस इसी रास्ते से दुनिया के दूसरे देशों तक पहुंचाई जाती है।
इस समुद्री मार्ग की चौड़ाई कुछ स्थानों पर काफी कम है, लेकिन इसके बावजूद दुनिया के तेल कारोबार का एक बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों पर असर पड़ सकता है।
फिलहाल, दोनों तेल टैंकरों के बारूदी सुरंगों से टकराने की जानकारी ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नेवी की ओर से दी गई है। ईरान के सरकारी टीवी ने भी इसी दावे को प्रसारित किया है।










