ईरान की अमेरिका को दो टूक -पहले माननी पड़ेगी ये शर्तें ,तब होगी बातचीत
अमेरिकी विदेश मंत्री की टिप्पणी पर दिया जवाब
इराक पर अमेरिकी दबाव का भी उठाया मुद्दा
नई दिल्ली(BNE)- ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव को कम करने की कोशिशों के बीच शांति वार्ता को लेकर एक नई पहल सामने आई है। ईरान ने अमेरिका को दो दिन के भीतर बातचीत फिर से शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, तेहरान ने इसके लिए वाशिंगटन के सामने कुछ शर्तें भी रखी हैं। ईरान का कहना है कि बातचीत का रास्ता खोलने के लिए अमेरिका को पहले प्रतिबंध हटाने, नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने और सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई रोकने की पहल करनी होगी।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर वार्ता शुरू करना बातचीत बहाल करने का सबसे व्यावहारिक रास्ता है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर बातचीत शुरू होने से पहले अपनी मांगें रखना गलत कैसे हो सकता है?
अमेरिकी विदेश मंत्री की टिप्पणी पर दिया जवाब
ईरान का यह प्रस्ताव अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें उन्होंने ईरान की कुछ शर्तों को बेतुका और हास्यास्पद बताया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बघाई ने कहा कि ईरान की ओर से दो दिन में बातचीत शुरू करने की पेशकश सबसे उचित प्रस्ताव है।
इससे पहले ईरान ने वार्ता बहाल करने के लिए सात दिन का प्रस्ताव दिया था। उस समय भी तेहरान ने अमेरिका से सैन्य कार्रवाई रोकने, नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने और प्रतिबंधों में राहत देने की मांग की थी। अब ईरान ने बातचीत शुरू करने की समयसीमा सात दिन से घटाकर महज दो दिन कर दी है।
इराक पर अमेरिकी दबाव का भी उठाया मुद्दा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस्माइल बघाई ने इराक के साथ संबंधों को लेकर भी अमेरिका पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि वाशिंगटन इराक पर ईरान के साथ लगने वाली अपनी अधिकांश सीमाएं बंद करने का दबाव डाल रहा है।
बघाई ने कहा कि इस तरह के दबाव से तेहरान और बगदाद के आपसी संबंध प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने ईरान के जमीनी व्यापार को सीमित करने के उद्देश्य से गठित अमेरिकी सैन्य टास्क फोर्स को भी ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया।










