नई दिल्ली -‘हमें मोदी, शाह या ज्ञानेश से नफरत नहीं, पर संविधान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’-RAHUL GANDHI
‘ज्ञानेश कुमार के बिना पीएम नहीं बन पाते मोदी’, बेरोजगारी और आर्थिक विषमता पर घेरा
‘देश में सालों से हो रही वोट चोरी, CEC पद से हटेंगे ज्ञानेश कुमार और जेल जाएंगे’,
नई दिल्ली (BNE): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला। राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए देश में बड़े पैमाने पर वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पिछले कई सालों से चुनावों में धांधली की जा रही है और मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, महाराष्ट्र तथा कर्नाटक के विधानसभा चुनावों के साथ-साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में भी जनादेश की चोरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में हेरफेर करने के साथ-साथ मतदाता सूचियों से वैध मतदाताओं के नाम काटने और फर्जी नाम जोड़ने जैसी सुनियोजित गड़बड़ियां की गईं।
‘मोदी कहीं जा नहीं सकते और हम जाने नहीं देंगे’, कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हाल ही में अमित शाह ने बयान दिया था कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं, लेकिन वह साफ कर देना चाहते हैं कि नरेंद्र मोदी कहीं जा भी नहीं सकते। उन्होंने कहा कि अगर वे जाना भी चाहेंगे तो देश की जनता और विपक्ष उन्हें ऐसे जाने नहीं देगा। राहुल गांधी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई के बाद विपक्ष सीधे प्रधानमंत्री और उनकी सरकार को कठघरे में खड़ा करेगा। उन्होंने मंच से चेतावनी देते हुए कहा कि संविधान और लोकतंत्र से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ठोस कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी जवाबदेही से बचने नहीं दिया जाएगा।
‘हमें मोदी, शाह या ज्ञानेश से नफरत नहीं, पर संविधान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में यह भी स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ व्यक्तिगत द्वेष पर आधारित नहीं है। उन्होंने कहा कि वे नफरत की राजनीति नहीं करते, बल्कि देश भर में ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलने के पक्षधर हैं और पूरी तरह अहिंसा में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए न तो नरेंद्र मोदी दुश्मन हैं, न अमित शाह और न ही ज्ञानेश कुमार, लेकिन देश के हर नागरिक की लोकतांत्रिक आवाज उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि विपक्ष किसी तरह की हिंसा या नफरत का सहारा नहीं लेगा, बल्कि गांधीवादी और शांतिपूर्ण तरीके से लड़ेगा। हालांकि, उन्होंने कड़े शब्दों में दोहराया कि देश के संविधान को कमजोर करने या लोकतांत्रिक संस्थाओं को बर्बाद करने की इजाजत किसी भी कीमत पर नहीं दी जाएगी।
‘ज्ञानेश कुमार के बिना पीएम नहीं बन पाते मोदी’, बेरोजगारी और आर्थिक विषमता पर घेरा
मुख्य चुनाव आयुक्त पर सीधा आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार की पक्षपातपूर्ण भूमिका के बिना न तो नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बन पाते और न ही अमित शाह गृह मंत्री की कुर्सी संभाल पाते। उन्होंने देश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटना ही पड़ेगा और चुनावी अपराधों के लिए उन्हें जेल का सामना करना पड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने देश के आर्थिक हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि आज किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, युवाओं के सामने बेरोजगारी का संकट खड़ा है और मजदूरों के अधिकारों का हनन हो रहा है, जबकि देश का बड़ा आर्थिक ढांचा महज दो-तीन उद्योगपतियों के नियंत्रण में दे दिया गया है। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष ऐसे किसी भी तंत्र को कतई स्वीकार नहीं करेगा और जनता के हकों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगा









