भिवानी: हरियाणवी सिंगर, एक्टर और मॉडल दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग
हमले में बाल बाल बचे दिलेर खरकिया,मौके पर पहुंची पुलिस
जून 2026 में पश्चिमी दिल्ली के 24HS Fitness Gym पर फायरिंग हुई थी। यह जिम पंजाबी एक्टर-सिंगर गुरु रंधावा से जुड़ा है।
भिवानी (BNE) : हरियाणवी सिंगर, एक्टर और मॉडल दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना उनके घर के बाहर हुई। हमले में दिलेर खरकिया बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया था।
फायरिंग के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित के नाम से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में लिखा गया कि फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु सोनीपत, हैरी बॉक्सर, हरमन संधू और अनिल पंडित लेते हैं। साथ ही दिलेर खरकिया को कथित तौर पर धमकी भी दी गई है कि या तो हमारी कॉल का जवाब दो, नहीं तो तेरी छाती में गोली मारी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, दिलेर खरकिया की गाड़ी पर एक ही फायर किया गया, जो गाड़ी में लगा। घटना के समय दिलेर खरकिया गाड़ी में मौजूद नहीं थे, इसलिए वह सुरक्षित हैं। गाड़ी उनके घर के बाहर खड़ी थी। भिवानी के पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक ने घर के बाहर खड़ी गाड़ी पर फायरिंग की। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं और आरोपी की तलाश की जा रही है।
जून 2026 में पश्चिमी दिल्ली के 24HS Fitness Gym पर फायरिंग हुई थी। यह जिम पंजाबी एक्टर-सिंगर गुरु रंधावा से जुड़ा है। उस घटना की जिम्मेदारी भी अनिल पंडित के नाम से सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लेने का दावा किया गया था। पोस्ट में हमले की वजह गुरु रंधावा की अभिनेता सलमान खान से नजदीकी को बताया गया था।
पुलिस के मुताबिक, अनिल पंडित मूलरूप से पानीपत के रायर कलां गांव का रहने वाला है। बताया गया है कि वह 2022 में नौकरी के लिए दुबई गया था। इसके बाद डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात गैंगस्टर रणदीप मलिक से हुई। शुरुआत में दोनों ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े और बाद में संगठित अपराध नेटवर्क शुरू करने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, 2024 के बाद से अनिल पंडित के खिलाफ हत्या, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे 10 मामले दर्ज हैं। सितंबर 2026 में हरियाणा STF ने चार फरार गैंगस्टरों पर 10-10 लाख रुपये का इनाम घोषित करने का प्रस्ताव भेजा था। इनमें हिमांशु भाऊ, रोहित गोदारा, रणदीप मलिक और अनिल पंडित के नाम शामिल हैं। करीब एक सप्ताह पहले पानीपत में भी एक शराब कारोबारी से अनिल पंडित के नाम से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था।
दिलेर खरकिया के पिता मशहूर रागनी कलाकार राजेंद्र खरकिया हैं। पिता से प्रेरित होकर दिलेर ने 9 साल की उम्र में ही रागनी कार्यक्रमों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। उन्होंने 2018 में हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। ‘लीलो चमन’, ‘मोटो’, ‘जूती काली’, ‘हाईकोर्ट’, ‘कबूतरी’ और ‘आलू मटर’ उनके चर्चित गानों में शामिल हैं।










