
यूपी चुनाव से पहले मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल की आहट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मंत्रिमंडल में जल्द बड़ा फेरबदल कर सकते हैं।
बृजेश चतुर्वेदी
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल कर सकते हैं। मोदी कैबिनेट में बदलाव को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
मोदी कैबिनेट में बदलाव को लेकर चर्चाएं भी तेज होती जा रही है। उत्तर प्रदेश चुनाव के मद्देनजर यह फेरबदल काफी अहम माना जा रहा है।
चर्चा है कि आगामी चुनावी समीकरणों और संगठनात्मक जरूरतों को देखते हुए मंत्रिमंडल को बढ़ाया जा सकता है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर यह संभावित फेरबदल बेहद अहम माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि भाजपा आगामी चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर बड़ा संदेश देने की तैयारी में है। हालांकि, मोदी सरकार या एनडीए की ओर से अभी तक मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा
भाजपा के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन के मंत्री पद से मंगलावर सुबह इस्तीफा देने के बाद मोदी कैबिनेट में फेरबदल की चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है। कुरियन का राज्यसभा कार्यकाल पूरा हो गया था और पार्टी ने उन्हें दोबारा उच्च सदन के लिए नामांकित नहीं किया। उनके इस्तीफे को राजनीतिक हलकों में संभावित बदलाव की शुरुआती कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब पर नजरें
सबसे ज्यादा नजर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब पर टिकी है, जहां विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। इन राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश लोकसभा की सबसे ज्यादा 80 सीटों वाला राज्य है और यहां का राजनीतिक संदेश राष्ट्रीय राजनीति को सीधे प्रभावित करता है। ऐसे में माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में यदि बदलाव होता है तो यूपी से आने वाले कुछ सांसदों या प्रभावशाली चेहरों को नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। जातीय संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले नेताओं को प्राथमिकता मिल सकती है या उन्हें संगठात्मक आधार पर कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
राघव चड्डा को मिल सकता बड़ा इनाम
सूत्रों के हवाले से राज्यसभा सांसद राघव चड्डा का नाम भी चर्चा में बताया जा रहा है। हाल ही में आम आदमी पार्टी से अलग होकर सात सांसदों के साथ भाजपा खेमे में आए चड्डा को नई भूमिका मिलने की अटकलें लगाई जा रही हैं। राघव चड्डा के जरिये भाजपा पंजाब को साधने की कोशिश कर सकती है। राघव चड्डा पंजाब से राज्य सभा सदस्य हैं। आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका देकर मोदी खैमे में आये चड्डा को बड़ा इनाम मिल सकता है।
नितिन नबीन को अचानक बुलाया गया दिल्ली
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को पंजाब से अचानक दिल्ली बुलाए जाने को भी भाजपा की रणनीतिक तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है और माना जा रहा है कि मोदी कैबिनेट में संभावित फेरबदल के मद्देनजर रही मंगलवार को नितिन नबीन को दिल्ली बुलाया गया।
केवल सरकार का विस्तार नहीं…
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल होता है तो यह सिर्फ सरकार का विस्तार नहीं होगा, बल्कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब समेत उन पांच राज्यों के राजनीतिक समीकरण को भी सुलझाने की कोशिशें होंगी, जहां विधानसभा चुनाव होने है। यह फेरबदल इन विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा की चुनावी बिसात का अहम हिस्सा माना जाएगा।
Post Views: 2