मौसम विभाग ने किया अलर्ट ,इन 15 राज्यों में भारी बारिश आंधी का अनुमान
आम जनता को इस दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.पंजाब के छह जिलों में अलर्ट और हीटवेव की स्थिति.
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा तापमान
नई दिल्ली.(BNE)पूरे देश में इस समय लगातार मौसम बदला रहा हो कभी तेज आंधी बारिश तो कभी सूरज की तपती गर्मी। मौसम विभाग ने शनिवार को एक बार फिर से मौसम बदलने के संकेत दिए है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब सहित देश के 15 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने और लू चलने की आशंका जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, देश के कई हिस्सों में शनिवार को तीव्र मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इस दौरान कई क्षेत्रों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. उत्तर भारत के राज्यों में धूल भरी आंधी चलने और कुछ संवेदनशील इलाकों में ओलावृष्टि होने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है. आम जनता को इस दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
पंजाब के छह जिलों में अलर्ट और हीटवेव की स्थिति
आईएमडी के चंडीगढ़ केंद्र ने पंजाब के छह प्रमुख जिलों-पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, अमृतसर, होशियारपुर और मुक्तसर में आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने की चेतावनी दी है. इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही, मौसम विभाग ने पंजाब के मैदानी इलाकों में 16 मई से 20 मई तक लू चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया है.
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा तापमान
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को तेज हवाओं के बाद न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिससे सुबह का मौसम सुहाना रहा. हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार से दिल्ली-एनसीआर में तापमान में भारी उछाल आएगा. शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है. वहीं, 17 मई को पारा 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है, जिसके बाद शुष्क और गर्म हवाएं परेशान करेंगी.
दक्षिण और पूर्वोत्तर में मानसून की सुगबुगाहट
एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत में गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह सहित तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून के समय से थोड़ा पहले दस्तक देने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.










