नई दिल्ली-गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है तो NO टेंशन ,घर ले आइये सोलर कुकर
धूप में बनेगा खाना
नई दिल्ली (BNE ) इस समय ईरान -इजरायल के बीच चल रहे युद्ध की वजह से पूरे दुनिया में अफरातफरी का माहौल बन गया है। यही नहीं गैस पेट्रोल जैसे महत्वपूर्ण ईंधन की आपूर्ति में भी भी कमी आयी है। इसी वजह से घरेलु ,कमर्सिअल सिलेंडर की दामों में बढ़ोत्तरी और कालाबाजारी की खबरें आने लगी है। इस सबका सीधा असर हमारी किचेन पर पड़ता है। कई घरों में लोगों को चिंता होने लगती है कि अगर गैस समय पर न मिली तो रोज का खाना कैसे बनेगा। इसी बीच LPG, बिना इंडक्शन और बिना कोयला-लकड़ी के एक शानदार विकल्प है, सोलर कुकर। ऐसा कुकर जिसमें खाना गैस या बिजली से नहीं, बल्कि सूरज की धूप से बनता है। दिलचस्प बात यह है कि यह तकनीक कोई नई नहीं है, लेकिन अब एलपीजी की अनिश्चित सप्लाई और बढ़ती कीमतों के बीच यह तरीका टेंशन को दूर करने वाला हो सकता है।
क्या होता है सोलर कुकर और कैसे बनता है खाना?
सोलर कुकर एक ऐसा कुकिंग डिवाइस है जो सूरज की रोशनी को गर्मी में बदलकर खाना पकाता है। इसमें लगे शीशे और रिफ्लेक्टर धूप को अंदर कैद कर लेते हैं, जिससे तापमान इतना बढ़ जाता है कि उसमें खाना आसानी से पक सकता है। अच्छी धूप में इसमें दाल, चावल, सब्जी, खिचड़ी, उबले आलू और यहां तक कि चाय भी बनाई जा सकती है। आमतौर पर खाना पकने में करीब 1.5 से 2 घंटे का समय लगता है। सबसे खास बात यह है कि इसमें न गैस खर्च होती है, न बिजली और न ही धुआं निकलता है।
कितनी होती है सोलर कुकर की कीमत?
भारत में सोलर कुकर कई तरह के मिलते हैं और उनकी कीमत भी उसी हिसाब से होती है।
- पैनल सोलर कुकर: लगभग 1,500 रुपए से 3,000 रुपए
- बॉक्स टाइप सोलर कुकर: लगभग 2,500 रुपए से 5,000 रुपए
- पैराबोलिक सोलर कुकर: लगभग 3,500 रुपए से 8,000 रुपए या उससे ज्यादा
- सरकारी एजेंसियों के जरिए मिलने वाले कुछ बॉक्स टाइप सोलर कुकर की कीमत करीब 3,000 रुपए से 3,500 रुपए तक भी हो सकती है और कई राज्यों में इस पर सब्सिडी भी दी जाती है।
सोलर कुकर कहां से खरीद सकते हैं?
अगर आप सोलर कुकर खरीदना चाहते हैं तो अब इसे ढूंढना मुश्किल नहीं है। यह कई ऑनलाइन वेबसाइट्स पर आसानी से मिल जाता है, जैसे-
- Amazon
- Flipkart
- IndiaMART
- TradeIndia
- इसके अलावा कई शहरों में सोलर प्रोडक्ट की दुकानें और राज्य की रिन्यूएबल एनर्जी एजेंसियां भी इसे बेचती हैं।
LPG बचाने का आसान तरीका बन सकता है सोलर कुकर
एक बार सोलर कुकर घर में आ जाए तो धूप वाले दिनों में दोपहर का खाना आसानी से इसमें बनाया जा सकता है। इससे गैस सिलेंडर की खपत भी कम हो सकती है। एलपीजी की बढ़ती कीमत और सप्लाई की अनिश्चितता के दौर में सोलर कुकर सिर्फ एक प्रयोग नहीं, बल्कि आने वाले समय की एक स्मार्ट किचन तकनीक बन सकता है। हो सकता है आने वाले दिनों में कई घरों की रसोई में सिलेंडर के साथ-साथ सूरज की धूप भी खाना पकाती नजर आए।









