
कन्नौज: जॉइंट मजिस्ट्रेट वैशाली के नेतृत्व में एफएसडीए टीम ने मारा छापा, 9 खाद्य सेम्पल भरे
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। जनपद में दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भैया दूज पर्व पर खोया, पनीर, दूध, घी, मिठाईयां, नमकीन, ड्राई फ्रूट, खाद्य तेल, वनस्पति, रंगीन मीठे खिलौने एवं अन्य खाद्य तथा पेय पदार्थों में मिलावट की रोकथाम तथा मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों के निर्माण, वितरण व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के आदेशों के तहत आज सुश्री वैशाली, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ उपजिलाधिकारी सदर के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अनिल कुमार राठौर, सर्वेश कुमार, अरविंद कुमार साहू एवं विमलेश कुमार के छापामार दल द्वारा सदर तहसील एवम नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए, पदारथपुर, ठठिया मानपुर रोड, पर बिना नंबर के बोलेरो पिकअप वाहन संख्या से विक्रय हेतु लेकर जाते हुए, मुकेश कुमार पुत्र ऋषि कुमार से मिश्रित दूध के दो नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। बल्लारपुर, ठठिया मानपुर रोड पर विक्रय के लिए वाहन पर लेकर जाते हुए पंकज यादव पुत्र भरत सिंह यादव निवासी- खरगापुर, ठठिया से तथा आमोद कुमार पुत्र मलीखान सिंह निवासी- ज्योराखान पुरवा से मिश्रित दूध का एक-एक नमूना वास्ते जांच संग्रहित किया गया साथ ही एक कुंतल बासी दूध विनिष्ट कराया गया, जिसका अनुमानित बाज़ारी मूल्य रुपए 5,000/- है।
कन्नौज नगर पालिका में बड़ा बाजार, कन्नौज स्थित मिठाई विक्रय प्रतिष्ठान सूरज स्वीट्स का गहन निरीक्षण ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा छापामार दल द्वारा किया गया, प्रतिष्ठान में पाई गई गंदगी हेतु उसे इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया एवं उसके प्रतिष्ठान से पेड़े तथा दूध की बर्फी का एक-एक नमूना वास्ते जांच संग्रहित किया गया। नगर पालिका क्षेत्र में ही मिठाई गली में स्थित अभिषेक पुत्र अशोक कुमार के मिठाई विक्रय प्रतिष्ठान से छेने के रसगुल्ले का एक नमूना तथा मोहल्ला अजय पाल में स्थित निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठान कलावती गट्ठा भंडार का निरीक्षण करने के उपरांत गट्ठे एवं अपमिश्रक सेलखड़ी का एक-एक नमूना वास्ते जांच संग्रहित किया गया। नमूना संग्रह उपरांत मौके पर पाए गए अवशेष 40 किलो अपमिश्रक, सेलखड़ी को जिसकी अनुमानित बाजारी मूल्य लगभग रुपए 2000/- है, सीज कर दिया गया।मौके पर सुश्री वैशाली, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ उपजिला अधिकारी, सदर द्वारा खाद्य कारोबार कर्ताओं को मिलावट रहित खाद्य सामग्री स्वच्छता के साथ विक्रय करने की कठोर चेतावनी दी गई एवं पाई गई अस्वच्छता के संबंध में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को कार्रवाई करने तथा समय-समय पर निरीक्षण करते रहने के निर्देश दिए गए।
आज संग्रहित उपरोक्त सभी 09 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत तद्नुसार अग्रिम कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा इस अभियान के दौरान कार्रवाई से संबंधित सभी बाजारों में खाद्य कारोबार कर्ताओं सहित आम जन को रंगीन, मिलावटी तथा दूषित खाद पदार्थ में मिलावट के संबंध में स्थलीय परीक्षण की विधियों की जानकारी देते हुए, खाद्य पदार्थों के उपभोग के संबंध में जागरूक किया गया।
जनपद में आमजन को गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से मुख्यालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के अनुसार अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा।
Post Views: 125