



कन्नौज: प्रधानपति की गिरफ्तारी के बाद लेखपालों का धरना समाप्त
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(BNE) सदर कोतवाली क्षेत्र के सकरी खुर्द ग्राम पंचायत के मजरा लक्ष्मनपुर में बारात शाला की जमीन पैमाइश करने गये लेखपाल से ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने मारपीट कर अभिलेख फाड़ दिये। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई। इसी से नाराज सदर तहसील के लेखपालों ने काम बंद कर हड़ताल कर दी। बोले, जब तक गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक काम नहीं किया जायेगा।
आज दोपहर प्रधान पति की गिरफ्तारी के बाद लेखपालो ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा की।
आनन्द शंकर दीक्षित सदरक्षेत्र दाईपुर में लेखपाल है। वह 25 जुलाई को ग्राम पंचायत सकरी खुर्द में बारातशाला की पैमाइश करने के लिये मजरा लक्ष्मनपुर गये थे। उनके साथ समाज कल्याण विभाग के जेई व ठेकेदार गौरव दुबे भी थे। भूमि के संबंध में ग्राम प्रधान के पति /प्रतिनिधि निर्मल कटियार को बुलाया गया। वह करीव 1:30 बजे पहुंचे।
उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि उनकी मर्जी के बगैर भूमि चिन्हित करने की हिम्मत कैसे हो गई। जहां वे चाहेंगे वहीं पर बारातशाला का निर्माण किया जायेगा। दबाव बनाते हुए जबरन प्रस्ताव लिखवाने का प्रयास करने लगे। जब विरोध किया तो निर्मल ने सरकारी अभिलेख छीन कर फाड दिये। गालीगलौज करते हुए जान से मारदेने की धमकी देते हुए मारपीट की। मौके पर मौजूद जेई व अन्य लोगों ने किसी तरह बचाया। मामले में लेखपाल ने सदर कोतवाली में 25 जुलाई को ही रिपोर्ट दर्ज करा दी। इस के बाद भी पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की। इससे नाराज लेखपाल संघ कन्नौज शाखा के लेखपालों ने मंगलवार को हड़ताल शुरू कर दी है। कहा कि जब तक सकरी खुर्द निवासी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक कार्य नहीं करेंगे। इस मौके पर संगठन के कन्नौज तहसील अध्यक्ष शुभम् मिश्रा, तहसील मंत्री विशाल चौरसिया, पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा, दुर्गेश गुप्ता, विजय कांत शुक्ला, सुशील दीक्षित, अभिषेक द्विवेदी, ब्रजेश बाथम, अनिल शुक्ला, आलोक तिवारी, आस्था मिश्रा मौजूद रहे।
गाली-गलौज हुई मारपीट नहीं: निर्मल
कन्नौज। प्रधान पति निर्मल कटियार ने बताया, कई दिनों पहले गांव के एक दबंग व्यक्ति ने गांव की नाली पर दीवार बना दी। लेखपाल से शिकायत की। इस पर उनकी नहीं सुनी। गांव के एक व्यक्ति ने बंजर भूमि पर कब्जा किया। शिकायत की फिर भी सुनवाई नहीं हुई। 25 जुलाई को बारात घर के लिए लेखपाल नाप करने आये। उस जगह पर पेड़ लगे थे मना किया तो अपशब्द बोलने लगे तभी गालीगलौज की, मारपीट नहीं की।