भारत पर 26% टैरिफ का ट्रंप का झटका! बोले- अब अमेरिका फिर से महान बनेगा
मोटरसाइकिल से लेकर ऑटोमोबाइल तक भारी टैरिफ, चीन को भी नहीं बख्शा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर 26% टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया है। ट्रंप ने इस फैसले को “अमेरिका की आर्थिक स्वतंत्रता की घोषणा” बताते हुए कहा कि अब अमेरिका अपने उद्योगों को बचाने के लिए ठोस कदम उठाएगा। उन्होंने कहा— “हमने भारत पर सालों से कोई टैरिफ नहीं लगाया, लेकिन अब वक़्त आ गया है।”
चीन पर भी 34% टैरिफ का वार
ट्रंप ने सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि चीन से आयात पर भी 34% टैरिफ लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी उद्योगों को बचाने के लिए यह जरूरी कदम है। ट्रंप ने दावा किया कि कई देशों ने अमेरिका को आर्थिक रूप से कमजोर करने की साजिश रची थी, लेकिन अब उनकी नीति “जैसे को तैसा” होगी।
ऑटोमोबाइल उद्योग को बचाने का दावा
ट्रंप ने ऑटोमोबाइल सेक्टर पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की, जो आधी रात से लागू होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका विदेशी मोटरसाइकिलों पर केवल 2.4% टैरिफ लगाता है, जबकि भारत 70%, वियतनाम 75% और अन्य देश इससे भी ज्यादा वसूलते हैं। ट्रंप ने इसे अमेरिका के औद्योगिक आधार के लिए घातक बताया और कहा कि अब अमेरिका अपनी शर्तों पर व्यापार करेगा।
‘मुक्ति दिवस’ का ऐलान
ट्रंप ने 2 अप्रैल, 2025 को “अमेरिकी उद्योग के पुनर्जन्म का दिन” करार दिया और कहा कि यह दिन इतिहास में मुक्ति दिवस के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने कहा— “अमेरिका को अब और नहीं लूटा जाएगा। हमने अपने सपनों को टूटते हुए बहुत देखा, अब अमेरिका फिर से समृद्ध होगा।”
भारत के लिए बड़ा झटका?
ट्रंप के इस ऐलान से भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों पर बड़ा असर पड़ सकता है। भारत पहले ही अमेरिका के टैरिफ फैसलों का विरोध करता रहा है, लेकिन इस बार की पॉलिसी काफी सख्त नजर आ रही है। अब देखना होगा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार इस पर क्या रणनीति अपनाती है!










