



दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर तीन प्रमुख पार्टियों के बीच कड़ा मुकाबला तय, जनता की निगाहें नई सरकार पर टिकीं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 5 फरवरी को राजधानी में वोट डाले जाएंगे और 8 फरवरी को नतीजे सामने आएंगे। 70 सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP), और कांग्रेस तीनों ही दल सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने को तैयार हैं।
2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। 2020 में पार्टी ने 70 में से 62 सीटों पर कब्जा किया था, जबकि 2015 में यह आंकड़ा 67 तक पहुंच गया था। हालांकि, इस बार मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली में कुल 1.55 करोड़ मतदाता हैं, जिसमें 83.49 लाख पुरुष, 71.74 लाख महिलाएं, और 1261 थर्ड जेंडर शामिल हैं। चुनाव के लिए 13,000 से ज्यादा पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे।
बीजेपी सांसद कमलजीत सहरावत ने दावा किया कि इस बार दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनेगी और जनता विकास के लिए पार्टी को वोट देगी। वहीं, आम आदमी पार्टी अपनी उपलब्धियों को भुनाने में जुटी है।
अब देखना यह होगा कि क्या अरविंद केजरीवाल एक बार फिर दिल्ली के सिंहासन पर काबिज होंगे या इस बार जनता किसी और को मौका देगी।