51-51 गैंग का सरगना सोनू यादव गिरफ्तार, चार आरोपी अब तक भेजे गए जेल
देवराजपुर में चाकूबाजी का मामला
कुशीनगर। (Bne)हाटा कोतवाली क्षेत्र के देवराजपुर गांव के चौहान टोला में पांच दिन पूर्व 51-51 गैंग के सदस्यों द्वारा चाकू से हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने गैंग के सरगना सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार शाम पुलिस ने उसे रधिया देवरिया मोड़ के पास नहर के पुल से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि वह क्षेत्र से बाहर भागने की फिराक में किसी वाहन का इंतजार कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, देवराजपुर गांव निवासी मनोज चौहान और पपिंदर चौहान किराने की दुकान से सामान लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान 51-51 गैंग के सदस्यों ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया था। मामले में मनोहर चौहान की तहरीर पर पुलिस ने 10 नवंबर को 10 नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद से ही पुलिस मुख्य आरोपी सोनू यादव की तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सोनू यादव पुत्र विंध्याचल यादव लंगड़ी यादव टोला का निवासी है। इससे पहले मामले में रवि प्रताप यादव, सचिन यादव निवासी लंगड़ी यादव टोला तथा अभय सिंह निवासी सकरौली को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
हाटा कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।









