दिल्ली में एक ही परिवार के 3 लोगों की जलकर हुई मौत
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फायर ब्रिगेड को घर के अंदर से पति-पत्नी और एक बच्ची के शव मिले। आग किस वजह से लगी, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है
नई दिल्ली.(BNE)इस समय पूरे देश में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। इसी सर्दी की वजह से दिल्ली में एक ही परिवार के 3 लोगों की जलकर मौत हो गयी है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड को घर के अंदर से पति-पत्नी और एक बच्ची के शव मिले। आग किस वजह से लगी, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। वहीं, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह घटना दिल्ली के आदर्श नगर स्थित मजलिस पार्क की है। खबरों के मुताबिक, मंगलवार सुबह उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर में डीएमआरसी क्वार्टर की एक इमारत में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि एक दंपति और उनकी 10 साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार की तीन जिंदगियां खत्म
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इस हादसे में एक ही परिवार की तीन जिंदगियां खत्म हो गईं। मृतकों की पहचान अजय कुमार (42), उनकी पत्नी नीलम (38) और बेटी जाह्नवी के रूप में हुई है।
5वीं मंजिल पर हुआ हादसा
बीच-बचाव के लिए पहुंचे दमकल कर्मियों ने इस घटना को लेकर बताया कि आग इमारत के पांचवें फ्लोर पर लगी थी। आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि वे दूसरे फ्लैट तक पहुंच रही थीं। दमकलकर्मियों ने साहस दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, लेकिन फ्लैट के अंदर का मंजर देखकर उनकी रूह कांप गई। अंदर पति-पत्नी और बच्चा तीनों ही बुरी तरह झुलसे हुए मृत अवस्था में पड़े थे।










