बर्न-न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान हुए ब्लास्ट में 10 लोगों की मौत ,दर्जनों घायल
बर्न.(एजेंसी )देश दुनिया में न्यू ईयर सेलिब्रेशन बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्विट्जरलैंड के क्रांस मोंटाना शहर के अल्पाइन स्की रिसॉर्ट में आज न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान विस्फोट हुआ. स्काई न्यूज के मुताबिक इसमें कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की खबर है, कई लोग घायल हुए है.
खबर है कि यह विस्फोट कॉन्स्टेलेशन बार में लोकल समय के मुताबिक रात 1.30 बजे हुआ. विस्फोट के समय बार में 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे. मरने या घायल होने वाले किस देश के हैं, अभी तक इसकी जानकारी नहीं मिली है. पुलिस और इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुटी हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल विस्फोट के वजह की जांच की जा रही है. फिलहाल पूरे इलाके को नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है. यह धमाका और उसके बाद लगी आग शायद एक कॉन्सर्ट के दौरान इस्तेमाल की गई आतिशबाजी की वजह से हुई हो सकती है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं.
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. एहतियात के तौर पर विस्फोट वाली जगह और उसके आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है. क्रांस-मोंटाना स्विट्जरलैंड के आल्प्स पर्वत क्षेत्र में स्थित एक लग्जरी स्की रिसॉर्ट है. यह जगह स्विस राजधानी बर्न से करीब दो घंटे की दूरी पर है और यहां हर साल बड़ी संख्या में टूरिस्ट आते हैं, खासकर सर्दियों और नए साल के समय.
कॉन्स्टेलेशन बार जिस इलाके में है वह होटल्स, स्की स्लोप्स और लग्जरी रेस्टोरेंट्स के पास माना जाता है. इसलिए यहां अक्सर इंटरनेशनल टूरिस्ट आते हैं. फॉरेंसिक टीमें मौके से सबूत जुटा रही हैं और बार में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में बार में आग लगी हुई दिखाई दे रही है, हालांकि पुलिस ने इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.










