सहारनपुर-दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित थार पलटी ,3 दोस्तों की मौत
जान गंवाने वाले तीनों युवक आगरा के रहने वाले थे और अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
सहारनपुर (BNE) : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नागल क्षेत्र में बेलड़ा जुनारदार के पास गोल चक्कर पर हुआ, जहां तेज रफ्तार थार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर पलट गई। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक आगरा के रहने वाले थे और अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार जा रहे थे।
मृतकों की पहचान साहिल तिवारी (25), सक्षम उपाध्याय (22) और राहुल कुमार (24) के रूप में हुई है। साहिल आगरा के शांतिनगर, कमला नगर, सक्षम रैनका बाग और राहुल तेहड़ी बगिया के निवासी थे। हादसे में घायल सचिन और हेमंत को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आगरा निवासी पांचों दोस्त शनिवार रात करीब नौ बजे थार कार से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। रविवार तड़के करीब चार बजे जब उनकी कार बेलड़ा जुनारदार के पास गोल चक्कर पर पहुंची, तो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़ते हुए पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने साहिल तिवारी, सक्षम उपाध्याय और राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल हेमंत वर्मा और सचिन वर्मा का उपचार शुरू किया गया।
हरिद्वार घूमने के लिए घर से निकले पांच दोस्तों के साथ हुए इस हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे में घायल दोनों युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है।









