भीषण सड़क हादसा: ईंधन टैंकर पलटने से हुआ विस्फोट, 30 की मौत; 25 से अधिक वाहनों को चपेट में लिया
टैंकर पलटते ही लगी भीषण आग, 25 से ज्यादा गाड़ियां जलकर खाक
हादसे के बाद मौके पर पहुंची दमकल और रेस्क्यू टीम, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
काहिरा (agency )) : मिस्र की राजधानी काहिरा में बुधवार को भीषण सड़क हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब ईंधन से भरा एक टैंकर काहिरा रिंग रोड पर पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसने आसपास से गुजर रही कारों और बाइकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 25 से अधिक वाहन जलकर राख हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों और आसमान में उठते काले धुएं के गुबार के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
हादसा ग्रेटर काहिरा क्षेत्र के गीजा प्रांत के घनी आबादी वाले अल-वर्राक इलाके में अशारा टनल के ऊपर बने हाईवे पर हुआ। स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार के मुताबिक, तेल से भरा टैंकर पहले सड़क के डिवाइडर से टकराया और फिर बीच सड़क पर पलट गया। टैंकर के सड़क से टकराते ही उसमें विस्फोट हो गया और देखते ही देखते आग ने आसपास से गुजर रहे वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। कई गाड़ियां और बाइक आग में जलकर खाक हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के दौरान आसमान में आग का विशाल गोला दिखाई दिया और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। सड़क पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई वाहन चालक हॉर्न बजाते हुए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। आग आसपास की इमारतों तक भी पहुंची, लेकिन वे इसकी चपेट में आने से बच गईं। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
हादसे की सूचना मिलते ही कई शहरों की पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, राहत एवं बचाव कार्य के लिए 39 एंबुलेंस तैनात की गईं। घायलों को जायेद स्पेशलाइज्ड हॉस्पिटल, इमबाबा जनरल हॉस्पिटल और वार्राक सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से जले शवों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में मृतकों की पहचान के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने मृतकों की संख्या बढ़कर 30 होने की पुष्टि की है। हादसे के बाद प्रभावित इलाके में आपातकाल घोषित कर दिया गया और लोगों को घरों के अंदर रहने की हिदायत दी गई।










