दिल्ली-दक्षिण भारत में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और बिहार में बारिश के आसार,पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी
मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
दिल्ली. दिवाली के आसपास देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण भारत में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. वहीं, नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में भी बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसमी गतिविधियां जारी रह सकती हैं. तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में भारी बारिश की आशंका है. वहीं, 10 नवंबर से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मौसम को प्रभावित कर सकता है. इसका असर दिल्ली, पंजाब और हरियाणा तक भी देखने को मिल सकता है.
दक्षिण भारत में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 13 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. 10 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 8 से 13 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. लक्षद्वीप में भी 8 नवंबर को व्यापक बारिश और अगले कुछ दिनों तक भारी वर्षा के आसार हैं. तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में 8 से 10 नवंबर के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और बिहार में बारिश के आसार
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 से 13 नवंबर के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पूर्वी भारत में भी मौसम बदलने का अनुमान है. झारखंड में 10 और 11 नवंबर, बिहार में 11 नवंबर तथा ओडिशा में 10 से 12 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 9 से 12 नवंबर तक वर्षा के आसार हैं.
पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी
10 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होने की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 13 नवंबर के बीच जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में मौसमी गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 12 नवंबर को कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश या बर्फबारी की आशंका है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
पूर्वोत्तर में भी बारिश का दौर
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 9 से 13 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है. असम और मेघालय में 11 नवंबर को भारी वर्षा हो सकती है. वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 नवंबर तक बारिश के आसार हैं. इन राज्यों में 10 और 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
लक्षद्वीप और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. दूसरी ओर, मध्य और पश्चिम भारत में अगले एक सप्ताह तक किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.










