जयपुर :AIR इंडिया की फ्लाइट के HIJACK अलर्ट से जयपुर में हुई इमर्जेन्सी लैंडिंग
कुछ दिन पहले फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भी मचा था हाईजैक अलर्ट से हड़कंप
पायलट ने दबाया ‘स्क्वाक-7500’ कोड, आइसोलेशन बे में विमान की सघन जांच
जयपुर (BNE): जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से नई दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में हाईजैक अलर्ट मिलने के बाद विमानन सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। फ्लाइट संख्या AI-2030 को आनन-फानन में जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान के संबंध में आपातकालीन सिग्नल मिला था, जिसके बाद केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां और एयरपोर्ट प्रशासन तुरंत हाई अलर्ट पर आ गए।
पायलट ने दबाया ‘स्क्वाक-7500’ कोड, आइसोलेशन बे में विमान की सघन जांच
जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान पायलट ने कुछ सेकंड के लिए अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन कोड ‘स्क्वाक-7500’ घोषित किया था। एविएशन प्रोटोकॉल में 7500 कोड का इस्तेमाल विमान पर किसी अवैध कब्जे या विमान हाईजैक की आशंका की सूचना देने के लिए किया जाता है। अलर्ट मिलते ही सुबह करीब 9:45 बजे विमान को जयपुर एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे (सुरक्षित पृथक क्षेत्र) में ले जाया गया। सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ता विमान और यात्रियों की विस्तृत जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पायलट ने यह कोड किसी वास्तविक खतरे के कारण भेजा था या यह कोई तकनीकी गड़बड़ी थी।
कुछ दिन पहले फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भी मचा था हाईजैक अलर्ट से हड़कंप
गौरतलब है कि हाल ही में 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में भी ठीक इसी तरह हाईजैक अलर्ट से सनसनी फैल गई थी। उस दौरान बोइंग 737 मैक्स विमान ने आपातकालीन कोड 7700 और फिर कुछ समय के लिए स्क्वाक-7500 जारी किया था, जिसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। जांच में सामने आया था कि विमान के को-पायलट ने मुख्य पायलट पर हमला कर विमान को टर्मिनल से टकराने की कोशिश की थी, जिसे अन्य क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने सूझबूझ से नाकाम कर दिया था।










