संगरूर-पांच मिनट की बहस में प्रधानमंत्री को देशद्रोही साबित कर सकते हैं-RAHUL GANDHI
आज पंजाब में कत्ल करना फैशन बनता जा रहा है
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नियंत्रण है
संगरूर(BNE)- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें खुली बहस की चुनौती दी। पंजाब के संगरूर में आयोजित इंसाफ रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को कहीं भी आमने-सामने बैठकर बहस करने की चुनौती दी है, लेकिन मोदी उनके सामने बैठने की हिम्मत नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि वह पांच मिनट की बहस में प्रधानमंत्री को देशद्रोही साबित कर सकते हैं।
रैली के दौरान राहुल गांधी ने अपने संबोधन की शुरुआत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को मंच पर बुलाकर की। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि उनके साथ जो कुछ हुआ, वैसी घटनाएं आज पंजाब में एक तरह का फैशन बनती जा रही हैं। उन्होंने पंजाब में बढ़ते नशे को राज्य की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बताते हुए इस मुद्दे पर चिंता जताई।
वहीं, राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नियंत्रण है। उन्होंने राजनीतिक भविष्यवाणी करते हुए कहा कि उनका अनुमान है कि अगले एक साल में मोदी सरकार सत्ता से बाहर हो जाएगी और तीन साल बाद अमित शाह देश के गृह मंत्री नहीं रहेंगे।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी रैली को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में वोटों की चोरी हुई है और कई स्थानों पर ऐसी सरकारें सत्ता में हैं, जिन्हें उन्होंने ‘वोट चोरों की सरकार’ करार दिया। खड़गे ने दिल्ली में बैठी केंद्र सरकार पर भी इसी आरोप को दोहराते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाए।










