वाराणसी से दिल्ली सिर्फ 3 घंटे 33 मिनट में पूरा होगा सफर-अश्विनी वैष्णव
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि काशी में बन रहा नमो ब्रिज पूरे देश की कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा
उत्तर प्रदेश में भी बहुत जल्द बुलेट ट्रेन परियोजना शुरू होने जा रही है
वाराणसी(BNE) केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि काशी से दिल्ली के बीच बुलेट ट्रेन चलने के बाद हवाई यात्रा की जरूरत नहीं पड़ेगी। यात्री महज तीन घंटे 33 मिनट में काशी से दिल्ली पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी बहुत जल्द बुलेट ट्रेन परियोजना शुरू होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तरी कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है, जो दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ेगा। आगे यह कॉरिडोर वाराणसी, पटना होते हुए गुवाहाटी की ओर जाएगा।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि काशी में बन रहा नमो ब्रिज पूरे देश की कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। रेलवे और हाईवे के लिए बनाए जा रहे इस सिग्नेचर ब्रिज को अगले 100 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसके फाउंडेशन का डिजाइन सबसे महत्वपूर्ण था। अब इसके निर्माण का कार्य आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नमो ब्रिज के पूरा होने पर काशी स्टेशन रेलवे नेटवर्क से बेहतर तरीके से जुड़ जाएगा। इससे अगले 100 वर्षों के लिए रेलवे और हाईवे की कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी। इस पुल के जरिए 100 से अधिक अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा। इससे बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा भी अधिक सुगम होगी।
रेल मंत्री ने बताया कि काशी स्टेशन पर छह नए प्लेटफॉर्म भी बनाए जा रहे हैं। इससे काशी स्टेशन परिवहन के एक नए हब के रूप में उभरेगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के संभावित यात्रा समय का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली से आगरा की दूरी 59 मिनट, दिल्ली से कानपुर की दूरी एक घंटे 45 मिनट और दिल्ली से लखनऊ की दूरी सवा दो घंटे में तय की जा सकेगी। वहीं, काशी से लखनऊ की यात्रा एक घंटे 21 मिनट और काशी से पटना की यात्रा एक घंटे में पूरी हो सकेगी। काशी से दिल्ली के बीच यात्रा का समय घटकर तीन घंटे 33 मिनट रह जाएगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए वैष्णव ने कहा कि विपक्ष को संविधान में विश्वास नहीं है और वह अराजकता की ओर बढ़ रहा है।








