फ्लोरिडा यूनिवर्सिटी कैंपस के पास अंधाधुंध गोलीबारी में 12 लोग घायल
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक किसी संदिग्ध को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि गोलीबारी उसके परिसर के पास हुई थी और परिसर सुरक्षित है।
फ्लोरिडा (AGENCY )) : अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के टालाहैसी में फ्लोरिडा एएंडएम यूनिवर्सिटी के पास शनिवार को गोलीबारी की घटना में छह बच्चों समेत कम से कम 12 लोग घायल हो गए। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना विश्वविद्यालय के फुटबॉल स्टेडियम के पास उस समय हुई, जब होमकमिंग वीकेंड के कार्यक्रमों के कारण इलाके में काफी भीड़ थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक किसी संदिग्ध को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
टालाहैसी के पुलिस प्रमुख लॉरेंस रेवेल ने पत्रकारों को बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोलीबारी से पहले घटनास्थल पर झगड़ा हुआ था। यह वारदात फुटबॉल मैच समाप्त होने के कुछ ही समय बाद भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई। पुलिस घायलों की स्थिति और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद फ्लोरिडा एएंडएम यूनिवर्सिटी ने शनिवार रात करीब 8:45 बजे से पहले सुरक्षा अलर्ट जारी किया। इसमें ब्रैग स्टेडियम और पेरी स्ट्रीट के आसपास मौजूद लोगों को पुलिस की कार्रवाई के मद्देनजर इलाके से दूर रहने या सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई।
विश्वविद्यालय ने सोशल मीडिया पर अपने शुरुआती संदेश में कहा कि ब्रैग स्टेडियम और पेरी स्ट्रीट के पास पुलिस की कार्रवाई जारी है। लोगों से अपील की गई कि वे घटनास्थल के आसपास जाने से बचें और यदि वहां मौजूद हैं तो सुरक्षित स्थान पर रहें।
इसके बाद फ्लोरिडा स्टेट यूनिवर्सिटी ने रात करीब 10 बजे टालाहैसी परिसर के लिए आपात संदेश जारी किया। इसमें छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को घरों या अन्य इमारतों के अंदर रहने और सतर्क रहने की हिदायत दी गई।
फ्लोरिडा एएंडएम यूनिवर्सिटी ने बाद में बताया कि टालाहैसी पुलिस विभाग पेरी स्ट्रीट पर हुई गोलीबारी की जांच कर रहा है। शुरुआती संदेश में विश्वविद्यालय ने कहा था कि घायलों की संख्या और उनकी चोटों की गंभीरता के बारे में तत्काल जानकारी उपलब्ध नहीं है। लोगों से जांच पूरी होने तक इलाके से दूर रहने की अपील भी की गई।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि गोलीबारी उसके परिसर के पास हुई थी और परिसर सुरक्षित है। अधिकारियों ने लोगों से पुलिस के निर्देशों का पालन करने और जांच में बाधा नहीं डालने की अपील की।
गोलीबारी विश्वविद्यालय के होमकमिंग फुटबॉल मैच के कुछ ही समय बाद हुई। होमकमिंग वीकेंड के दौरान पूर्व छात्रों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों की भागीदारी के कारण विश्वविद्यालय के आसपास चहल-पहल थी।
घटना के बाद विश्वविद्यालय ने पीड़ितों और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। प्रशासन ने कहा कि पेरी स्ट्रीट पर हुई वारदात से प्रभावित सभी लोगों के साथ उसकी संवेदनाएं हैं और पुलिस की जांच के दौरान लोगों को घटनास्थल से दूर रहना चाहिए।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों के बारे में आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।










