प्रयागराज-निर्माणाधीन जगह पर भरभराकर गिरा स्वामीनारायण मंदिर का 3 मंजिला हिस्सा,बाल बाल बचे लोग
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी
पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रयागराज (BNE ) : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र स्थित क्षेत्र में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा अचानक भरभराकर निर्माण कार्य के लिए खोदे गए बड़े गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि जिस हिस्से में हादसा हुआ, उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था। इससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, स्वामीनारायण मंदिर के पीछे पिछले तीन-चार महीनों से निर्माण कार्य चल रहा था। इसके लिए मंदिर के पीछे काफी गहरा और बड़ा गड्ढा खोदा गया था। लगातार हो रही बारिश के कारण गड्ढे में पानी भर रहा था। बारिश के चलते पिछले कुछ दिनों से निर्माण कार्य भी बंद था।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गड्ढे में पानी भरने और मिट्टी खिसकने के कारण मंदिर के पीछे की जमीन कमजोर हो गई। इसका असर मंदिर की नींव पर पड़ा और देर रात मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा अचानक ढह गया।
देखते ही देखते मंदिर का हिस्सा निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में समा गया। तेज आवाज के साथ हुए हादसे से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जॉर्ज टाउन थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
शुरुआती जांच में निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे और बारिश के पानी को मंदिर के हिस्से के गिरने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
प्रशासन की टीम निर्माण स्थल और मंदिर की शेष संरचना की सुरक्षा का भी जायजा ले रही है, ताकि किसी अन्य हिस्से को नुकसान पहुंचने की आशंका को दूर किया जा सके।










