नई दिल्ली-TRAI के इस आदेश से Jio-Airtel की बढ़ी चिंता
रिलायंस जियो और भारती एयरटेल जैसी टेलीकॉम कंपनियां अपने ऐप और वेबसाइट पर किफायती रिचार्ज प्लान को प्रमुखता से दिखाएं.
Vi ने मानी बात, Jio-Airtel को लेकर उठे सवाल
नई दिल्ली. मोबाइल रिचार्ज के लिए सस्ते और केवल कॉलिंग वाले प्लान तलाशने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सकती है. भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) चाहता है कि रिलायंस जियो और भारती एयरटेल जैसी टेलीकॉम कंपनियां अपने ऐप और वेबसाइट पर किफायती रिचार्ज प्लान को प्रमुखता से दिखाएं. हालांकि, इस निर्देश को लेकर कंपनियों और नियामक के बीच असहमति सामने आ रही है.
ऐप और वेबसाइट पर सबसे पहले दिखेंगे सस्ते प्लान
अक्सर मोबाइल रिचार्ज के लिए जियो या एयरटेल का ऐप खोलने पर ग्राहकों को महंगे डेटा और अनलिमिटेड कॉलिंग वाले प्लान सबसे पहले दिखाई देते हैं. ऐसे में केवल कॉलिंग की सुविधा चाहने वाले उपभोक्ताओं को सस्ता रिचार्ज तलाशने में परेशानी होती है.
इसी समस्या को देखते हुए ट्राई ने 1 अक्टूबर 2026 को टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश जारी किए थे. इसके तहत प्रीपेड रिचार्ज सेक्शन में ‘TRAI-Mandated Packs’ नाम से एक अलग टैब बनाने को कहा गया है. यह टैब ऐप और वेबसाइट पर प्रमुखता से दिखाई देना चाहिए. इसके अलावा कंपनियों को अपने विशेष बिक्री केंद्रों पर भी इन किफायती प्लान को प्रमुखता से प्रदर्शित करने और 30 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए थे.
Vi ने मानी बात, Jio-Airtel को लेकर उठे सवाल
ट्राई के इस निर्देश को लेकर टेलीकॉम कंपनियों की चिंता का मुख्य कारण प्रति ग्राहक औसत कमाई (ARPU) है. जियो और एयरटेल को आशंका है कि यदि सस्ते वॉइस-ओनली प्लान सबसे पहले दिखाई देंगे, तो बड़ी संख्या में ग्राहक महंगे डेटा पैक के बजाय कम कीमत वाले रिचार्ज चुन सकते हैं. इससे कंपनियों की कमाई प्रभावित होने की संभावना है. कंपनियों का तर्क है कि ये प्लान उनके ऐप और वेबसाइट पर पहले से उपलब्ध हैं, इसलिए इन्हें सबसे ऊपर दिखाने की अनिवार्यता नहीं होनी चाहिए.
रिपोर्ट के मुताबिक, वोडाफोन आइडिया (Vi) ने ट्राई के निर्देशों का पालन करते हुए इन प्लान को पहले टैब में जगह दे दी है. वहीं, जियो और एयरटेल के ऐप पर इनकी प्रमुखता को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, जियो के अधिकारियों का दावा है कि कंपनी नियमों का पालन कर रही है और ग्राहक पहले पेज पर ही इन प्लान को देख सकते हैं.
कंपनियों की कमाई पर कितना पड़ेगा असर?
सस्ते रिचार्ज प्लान को प्रमुखता देने से टेलीकॉम कंपनियों की कमाई पर कितना असर पड़ेगा, इसे लेकर बाजार विशेषज्ञों ने भी आकलन किया है. ब्रोकरेज फर्म एक्सिस कैपिटल के विश्लेषकों के अनुमान के मुताबिक, यदि ग्राहक कम कीमत वाले प्लान की ओर रुख करते हैं, तो भारती एयरटेल की मोबाइल आय पर अधिकतम एक फीसदी से भी कम असर पड़ सकता है. वहीं, वोडाफोन आइडिया की कमाई पर इसका प्रभाव करीब 2.3 फीसदी रहने का अनुमान है. इस पूरे मामले में अब ग्राहकों की नजर इस बात पर है कि जियो और एयरटेल ट्राई के निर्देशों को किस तरह लागू करती हैं. यदि सस्ते प्लान आसानी से दिखाई देने लगे, तो केवल कॉलिंग की सुविधा चाहने वाले उपभोक्ताओं को रिचार्ज चुनने में काफी सहूलियत मिल सकती है.









