नई दिल्ली-वायु प्रदूषण के स्तर में लगातार गिरावट दर्ज ,सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 246
कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर अब भी बेहद चिंताजनक बना हुआ है। दिल्ली के पांच इलाकों में एक्यूआई 300 के पार
आंकड़ों से स्पष्ट है कि दिल्ली के औसत एक्यूआई में सुधार के बावजूद सभी इलाकों में प्रदूषण का स्तर एक समान नहीं है।
नई दिल्ली (BNE) : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के स्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले कुछ दिनों से जहरीली हवा के बीच मिल रही इस राहत से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। सोमवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 246 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। हालांकि, औसत एक्यूआई में सुधार के बावजूद राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर अब भी बेहद चिंताजनक बना हुआ है। दिल्ली के पांच इलाकों में एक्यूआई 300 के पार दर्ज किया गया है।
सुबह 6 बजे के आंकड़ों के अनुसार, सिरीफोर्ट में सबसे ज्यादा 328 एक्यूआई दर्ज किया गया। एनएसयूटी जाफरपुर 322 के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इग्नू मैदान गढ़ी में एक्यूआई 318, तालकटोरा गार्डन में 313 और पूसा वेस्ट में 312 दर्ज किया गया। इन सभी इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है।
दिल्ली के अन्य निगरानी केंद्रों पर भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहा। सीआरआरआई मथुरा रोड में एक्यूआई 296 दर्ज किया गया, जबकि आईटीओ सेंट्रल और आया नगर साउथ में यह 293 रहा। डीटीयू नॉर्थ में 292 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 290 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। बुराड़ी क्रॉसिंग में भी 290, शादीपुर में 284 और जेएनयू में 283 एक्यूआई दर्ज किया गया। आंकड़ों से स्पष्ट है कि दिल्ली के औसत एक्यूआई में सुधार के बावजूद सभी इलाकों में प्रदूषण का स्तर एक समान नहीं है।
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली का औसत एक्यूआई 300 से नीचे बना हुआ है। रविवार को इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिला था, लेकिन सोमवार को एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई। प्रदूषण के स्तर में आई इस कमी को फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, हालांकि कई इलाकों में हवा अब भी बेहद खराब बनी हुई है।










