नई दिल्ली-मेट्रो में सीट में बैठने को लेकर पूर्व IAS और बेटे ने यात्री को पीट -पीटकर किया अधमरा ,हॉस्पिटल में मौत
बुजुर्ग मां के साथ सफर कर रहा था मृतक, मंडी हाउस पर चढ़े थे आरोपी
सुप्रीम कोर्ट स्टेशन पर बेसुध हुए पवन, LNJP अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
नई दिल्ली (BNE): दिल्ली मेट्रो में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीट को लेकर हुए विवाद ने एक निर्दोष यात्री की जान ले ली। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर पूर्व आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह ने मिलकर पवन शर्मा नाम के यात्री की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई और बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्व नौकरशाह और उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
बुजुर्ग मां के साथ सफर कर रहा था मृतक, मंडी हाउस पर चढ़े थे आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, मृतक पवन शर्मा अपनी 65 वर्षीय बुजुर्ग मां दुर्गा देवी के साथ मेट्रो ट्रेन में सवार होकर यमुना विहार की ओर जा रहे थे। दोनों सीनियर सिटिजन के लिए आरक्षित सीट पर बैठे हुए थे। इसी दौरान मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन से नोएडा निवासी पूर्व आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह अपने बेटे सिद्धार्थ सिंह के साथ उसी कोच में सवार हुए।
सीट को लेकर तीखी बहस और थप्पड़ों से हमला, धक्का लगने से हुई मौत
कोच में प्रवेश करते ही बुजुर्गों के लिए आरक्षित सीट को लेकर पूर्व आईएएस और उनके बेटे की पवन शर्मा से तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि दोनों बाप-बेटों ने पवन के साथ गाली-गलौज करते हुए ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए और उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान दोनों ने पवन को इतनी जोर से धक्का दिया कि वह प्लेटफार्म पर गिरकर अचेत हो गए।
सुप्रीम कोर्ट स्टेशन पर बेसुध हुए पवन, LNJP अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की है। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर यात्री के अचेत होने की सूचना मिलते ही मेट्रो पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल और बेसुध पड़े पवन शर्मा को आनन-फानन में लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के सिलसिले में नोएडा निवासी आरोपी पूर्व आईएएस संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मेट्रो कोच और प्लेटफॉर्म के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।









