टोरंटो-कनाडा ने 700 से ज्यादा अमेरिकी उत्पादों पर 50 फीसदी तक टैरिफ लागू किया
इन उपायों का उद्देश्य कनाडा के श्रमिकों, उत्पादकों और मैन्युफैक्चरर्स को संरक्षण देना है।
टोरंटो (AGENCY )) : दुनिया में एक बार फिर ट्रेड वॉर का खतरा बढ़ गया है। अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव अब टैरिफ वॉर में बदलता दिखाई दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा पर अमेरिका के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए इस महीने के अंत में कनाडाई सामानों पर 50 फीसदी तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इसके जवाब में कनाडा ने भी 700 से ज्यादा अमेरिकी उत्पादों पर 50 फीसदी तक टैरिफ लागू कर दिया है। ये जवाबी शुल्क मंगलवार, 8 सितंबर से प्रभावी हो गए हैं।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडा ने अमेरिकी वस्तुओं की एक बड़ी रेंज पर 15 से 50 फीसदी तक का जवाबी शुल्क लगाया है। इन उत्पादों का कुल मूल्य करीब 27.6 अरब कनाडाई डॉलर बताया गया है। यह कदम दोनों देशों के बीच पिछले महीने व्यापार वार्ता विफल होने के बाद उठाया गया है।
कनाडा की नई टैरिफ सूची में डेयरी उत्पाद, कृषि उपकरण, कागज, घरेलू उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक्स सहित कई सामान शामिल हैं। अमेरिकी स्टील, एल्युमीनियम और लोहे के उत्पादों पर कनाडा ने शुल्क बढ़ाकर 50 फीसदी कर दिया है। इसके अलावा फर्नीचर, मोटरसाइकिल, कपड़े और कुछ ब्यूटी प्रोडक्ट्स भी सबसे अधिक टैरिफ वाले सामानों में शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडा ने अमेरिकी सामानों पर 50 फीसदी तक टैरिफ लगाने के अपने कदम को अमेरिका की ओर से 22 अगस्त को करीब 20 अरब डॉलर मूल्य के कनाडाई शराब, हॉकी स्टिक और अन्य सामानों पर 50 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने के ऐलान का जवाब बताया है।
कनाडा के वित्त विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इन उपायों का उद्देश्य कनाडा के श्रमिकों, उत्पादकों और मैन्युफैक्चरर्स को संरक्षण देना है।
वहीं, कनाडा के जवाबी कदम के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कनाडा पर अमेरिका के साथ व्यापार में भेदभाव करने का आरोप लगाया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका 15 सितंबर से अपने मौजूदा 50 फीसदी टैरिफ को कनाडा के अतिरिक्त उत्पादों तक भी बढ़ाएगा। इसके अलावा 29 सितंबर से कनाडा के कई डेयरी उत्पादों, मोटरसाइकिलों और अल्कोहलिक पदार्थों के आयात पर प्रतिबंध लगाने की बात भी कही गई है।
अमेरिका और कनाडा के बीच बड़े पैमाने पर आयात-निर्यात होता है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में अमेरिका ने कनाडा को करीब 333.6 अरब डॉलर मूल्य का सामान निर्यात किया था। वहीं, अमेरिका ने कनाडा से करीब 381.9 अरब डॉलर मूल्य के सामान का आयात किया।
दोनों देशों के बीच ऊर्जा, वाहन, भारी मशीनरी, विमान, फार्मास्यूटिकल्स, रत्न एवं आभूषण, फर्नीचर, कपड़े तथा विभिन्न खाद्य और पेय पदार्थों सहित कई क्षेत्रों में व्यापक व्यापार होता है।
टैरिफ बढ़ने से दोनों देशों के कारोबार और उपभोक्ताओं पर दबाव बढ़ने की आशंका है। साथ ही, अमेरिका और कनाडा के बीच बढ़ता व्यापारिक तनाव वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक बार फिर व्यापक ट्रेड वॉर की आशंका को भी बढ़ा रहा है।










