जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का शुभारंभ, स्व-गणना के प्रति जागरूकता के लिए प्रचार वाहन रवाना
16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना कर सकेंगे लोग, 40 सवालों के माध्यम से भरनी होगी व्यक्तिगत जानकारी
कुशीनगर। (Bne)उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया रविवार 16 नवंबर से शुरू हो गई। इसके तहत रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जिले की सभी तहसीलों के लिए स्व-गणना के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष प्रचार वाहनों को रवाना किया गया। इन वाहनों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से आम नागरिक स्वयं अपनी व्यक्तिगत और पारिवारिक जानकारी निर्धारित 40 प्रश्नों के आधार पर ऑनलाइन भर सकेंगे। इसके बाद जब जनगणना प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे तो लोगों को अपने द्वारा भरे गए आंकड़ों का सत्यापन कराने का अवसर भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और प्रदेश में विकास योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। सटीक आंकड़ों के आधार पर ही जरूरतों के अनुरूप योजनाएं तैयार की जा सकती हैं। यदि जनगणना में दर्ज जानकारी सही नहीं होगी तो विकास योजनाओं का लाभ भी अपेक्षित तरीके से लोगों तक नहीं पहुंच पाएगा। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपनी जानकारी सही और सटीक दर्ज करे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्व-गणना के दौरान दी जाने वाली सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। इनका किसी भी प्रकार से दुरुपयोग नहीं किया जा सकता और ये सूचनाएं आरटीआई के तहत भी सार्वजनिक नहीं की जा सकती हैं। अंत में जनपदवासियों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की आशंका या संकोच के बिना स्व-गणना में भाग लें और सही जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना के कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।










