गाजियाबाद में मिलावटी खोवा बनाने के ठिकाने पर छापा, 160 किलो खोवा नष्ट
खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, फॉर्मेलिन-सिंथेटिक कलर समेत बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद; कारोबारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गाजियाबाद, (Bne)। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मांदड़ के सख्त निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मेरठ मंडल और गाजियाबाद की संयुक्त टीम ने पुलिस के साथ थाना भोजपुर क्षेत्र के ग्राम कलछीना में मिलावटी खोवा बनाने के एक ठिकाने पर देर रात छापा मारा।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य), मेरठ मंडल विनीत कुमार यादव और सहायक आयुक्त-2 सुरेश मिश्र के नेतृत्व में की गई। खाद्य विभाग के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कारोबारी यामीन के परिसर में विभिन्न रसायनों और अन्य सामग्री का इस्तेमाल कर मिलावटी खोवा तैयार किया जा रहा था।
टीम ने मौके से खाद्य पदार्थों और इस्तेमाल की जा रही सामग्री के कुल नौ नमूने जांच के लिए एकत्र किए। परिसर से करीब 160 किलोग्राम खोवा, पांच बोरी स्किम्ड मिल्क पाउडर, सिंथेटिक कलर, फॉर्मेलिन, सोडियम बाई कार्बोनेट और वनस्पति फैट के 17 टिन बरामद किए गए। प्रत्येक टिन में करीब 15 लीटर वनस्पति फैट बताया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर मिले 160 किलो खोवे को नष्ट करा दिया। इसके साथ ही पांच भट्ठियां, दो बड़ी कड़ाही, बड़े भगोने, खाली टिन कंटेनर और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर थाना भोजपुर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया। मामले में संबंधित कारोबारी के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय के साथ आर.पी. गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन सिंह, देवांश चतुर्वेदी, विनीता, सत्येंद्र तोमर, नरेंद्र सिंह और दर्पण कुमार सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
अधिकारियों के अनुसार, मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।










