कार और क्रेन की आमने-सामने भिड़ंत में दो की मौत, परिवारों में मचा कोहराम
अरविन्द कुमार गुप्ता
कुशीनगर। कप्तानगंज-परतावल एनएच-730 पर मंगलवार देर रात कार और क्रेन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हादसा 17 नवंबर की रात करीब 9:15 बजे इंदरपुर से लगभग एक किलोमीटर आगे हुआ। कार संख्या यूपी 56 एके 2284 में चालक उद्धव पांडेय निवासी लखमीपुर, थाना भिटौली, जनपद महराजगंज और वाहन स्वामी नित्यानंद त्रिपाठी (45) निवासी लक्ष्मीगंज देवरवा, थाना भिटौली, महराजगंज सवार थे। दोनों किसी काम से कुशीनगर के कसया आए थे। काम पूरा करने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान इंदरपुर से आगे सामने से आ रही क्रेन संख्या यूपी 53 जीटी 4226 से कार की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी कप्तानगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
दोनों वाहन पुलिस के कब्जे में
कप्तानगंज थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार और क्रेन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









