करनाल-एनडीआरआई ने विकसित किया अंडे का शाकाहारी विकल्प ‘एग एनालॉग’
इसकी खासियत यह है कि यह अंडे की सफेदी की तरह काम करता है और इसके जरिए अंडे जैसी कई खाद्य सामग्री तैयार की जा सकती हैं।
तीन दिवसीय राष्ट्रीय डेयरी मेला एवं कृषि एक्सपो में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है”‘एग एनालॉग”
करनाल(BNE)- राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) की ओर से अंडे का शाकाहारी विकल्प विकसित किया गया है। ‘एग एनालॉग’ नाम से तैयार यह उत्पाद तीन दिवसीय राष्ट्रीय डेयरी मेला एवं कृषि एक्सपो में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। दूध से प्राप्त व्हे प्रोटीन और मूंग दाल से मिलने वाले वनस्पति प्रोटीन के मिश्रण से तैयार इस उत्पाद में प्रति 100 ग्राम 12.5 ग्राम प्रोटीन मौजूद है। इसकी खासियत यह है कि यह अंडे की सफेदी की तरह काम करता है और इसके जरिए अंडे जैसी कई खाद्य सामग्री तैयार की जा सकती हैं।
संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, इस उत्पाद को डेयरी टेक्नोलॉजी विभाग की अंतिम वर्ष की पीएचडी छात्रा शेफाली सिरामे ने विभागाध्यक्ष दीप नारायण के मार्गदर्शन में विकसित किया है। यह प्रीमिक्स अंडे की सफेदी के गुणों की नकल करने में सक्षम है। इसमें झाग बनने, गर्म करने पर जमने और अन्य खाद्य सामग्रियों के साथ आसानी से मिश्रित होने की क्षमता है।
शेफाली ने बताया कि यह उत्पाद पाउडर के रूप में उपलब्ध है, इसलिए इसे सामान्य रसोई में भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे उबले अंडे और आमलेट जैसे विभिन्न व्यंजनों से मिलते-जुलते शाकाहारी खाद्य पदार्थ तैयार किए जा सकते हैं। इससे बाजार में शाकाहारी प्रोटीन उत्पादों के नए विकल्प भी उपलब्ध होंगे।
विभागाध्यक्ष दीप नारायण ने बताया कि इस नवाचार का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को प्रोटीन का विकल्प उपलब्ध कराना है, जो धार्मिक मान्यताओं, खानपान की पसंद या शाकाहारी जीवनशैली के कारण अंडे का सेवन नहीं करते। इस उत्पाद में ब्रांच्ड चेन अमीनो एसिड (बीसीएए) भी मौजूद हैं, जो मांसपेशियों के विकास और प्रोटीन मेटाबॉलिज्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यही वजह है कि यह पहलवानों, खिलाड़ियों, जिम जाने वालों और अधिक प्रोटीन की जरूरत रखने वाले लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
पाउडर के रूप में होने के कारण इसे स्टोर करना और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना भी आसान है। संस्थान के अनुसार, इसे सामान्य कमरे के तापमान पर छह महीने तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
मेले में 30 हजार लोग पहुंचे, पशु सौंदर्य प्रतियोगिता में झज्जर की भैंस ने जीता पहला पुरस्कार
एनडीआरआई के अनुसार, मेले के दूसरे दिन देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 30 हजार लोग पहुंचे। इस दौरान लगभग 180 पशुओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। मेले का प्रमुख आकर्षण पशु सौंदर्य प्रतियोगिता रही, जिसमें पशुपालकों ने अपने पशुओं की नस्ल, बनावट और रखरखाव का प्रदर्शन किया।
झज्जर के किसान विजेंद्र सिंह की भैंस मुन्नी ने मुर्रा (दो दांत) श्रेणी में पहला पुरस्कार हासिल किया। विजेंद्र सिंह ने बताया कि मुन्नी की उम्र 27 महीने है और इससे पहले भी वह झज्जर के बेरी में आयोजित मेले में प्रथम पुरस्कार जीत चुकी है।
इसी तरह फरीदकोट के हवा सिंह ने मुर्रा कटड़ी श्रेणी, करनाल के राजबीर सिंह ने एचएफ क्रॉस ब्रीड (दो दांत) और रोहतक के विजय पाल ने थारपारकर (दो दांत) श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा पनीर बनाने और दूध निकालने की प्रतियोगिताओं में करनाल की महिलाओं का दबदबा रहा।









