एपेक शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी पर राहुल गाँधी ने साधा निशाना
ऐसा प्रधानमंत्री कभी दुनिया की शक्तिशाली ताकतों के साथ एक मेज पर नहीं बैठ सकता
भाजपा की विचारधारा को ध्वस्त कर चुकी है कांग्रेस : राहुल
नई दिल्ली(BNE)- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एपेक शिखर सम्मेलन से जुड़ी एक तस्वीर साझा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को ‘समझौता करने वाला प्रधानमंत्री’ करार देते हुए कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री कभी दुनिया की शक्तिशाली ताकतों के साथ एक मेज पर नहीं बैठ सकता।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा की गई तस्वीर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को एक साथ बातचीत करते हुए दिखाया। उन्होंने लिखा, “अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री भी इस शक्तिशाली समूह का हिस्सा होते। एक ऐसा प्रधानमंत्री जो समझौता कर लेता है, वह कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता।”
राहुल गांधी की यह टिप्पणी वैश्विक राजनीति में भारत की भूमिका और केंद्र सरकार की विदेश नीति को लेकर कांग्रेस के हमले के रूप में देखी जा रही है।
भाजपा की विचारधारा को ध्वस्त कर चुकी है कांग्रेस : राहुल
इससे पहले राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ संवाद के दौरान दावा किया कि कांग्रेस ने भारत में भाजपा की राजनीतिक विचारधारा को ध्वस्त कर दिया है और इसका असर अगले आठ महीनों में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का आंतरिक ढांचा कमजोर हो चुका है और सरकार के मंत्री विपक्ष के संपर्क में हैं तथा उसके साथ जानकारियां साझा कर रहे हैं।
प्रोफेसर रॉबर्ट पेप की अध्यक्षता में आयोजित इस संवाद के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि भारत में भाजपा का राजनीतिक प्रभाव खत्म हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि छात्रों के एक संगठित समूह ने भाजपा की सरकारी व्यवस्था पर पकड़ कमजोर करने में भूमिका निभाई है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की पुलिस, खुफिया एजेंसियों, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) और नौकरशाही सहित पूरा प्रशासनिक तंत्र भाजपा के नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस राजनीतिक व्यवस्था को चुनौती देने में सफल रही है।










