मेरठ-सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी पहुंचे कोर्ट ,मुस्कान की बेटी को लेंगे गोद
पति की हत्या में मुस्कान को फांसी, जेल में ही हुआ था बच्ची का जन्म
पहले भी पीड़ितों की मदद का दावा, अब कानूनी प्रक्रिया पर टिकी निगाहें
मेरठ (BNE): मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में मौत की सजा पाने वाली मुख्य दोषी मुस्कान की मासूम बेटी के भविष्य को लेकर एक अप्रत्याशित मोड़ सामने आया है। मुंबई के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी ने बच्ची की परवरिश, शिक्षा और भविष्य की शादी तक का पूरा आर्थिक खर्च उठाने की पेशकश की है। फैजान बुधवार को खुद मेरठ पहुंचे और जिला शासकीय अधिवक्ता केके चौबे से मुलाकात कर बच्ची के लालन-पालन का जिम्मा उठाने की इच्छा जताई। उन्होंने इस संबंध में जिला जज की अदालत में बकायदा एक लिखित आवेदन देकर आधिकारिक अनुमति भी मांगी है।
‘मां के गुनाह की सजा मासूम को क्यों?’: शादी तक का खर्च उठाने का वादा
फैजान अंसारी ने अदालत में दिए अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि उनका मकसद बच्ची को गोद (अडॉप्ट) लेना नहीं, बल्कि उसकी संपूर्ण परवरिश, उच्च शिक्षा, बेहतर इलाज, कपड़े और बड़े होने पर उसकी शादी तक का पूरा वित्तीय खर्च वहन करना है। उनका कहना है कि जिस अपराध से मासूम बच्ची का दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है, उसकी सजा उसे नहीं मिलनी चाहिए। मां के किए की वजह से बच्ची का जीवन अंधकारमय न हो और उसे एक सामान्य व सुरक्षित भविष्य मिले, इसी मानवीय सोच के तहत उन्होंने यह कदम उठाया है।
पति की हत्या में मुस्कान को फांसी, जेल में ही हुआ था बच्ची का जन्म
देशभर में सुर्खियों में रहे सौरभ राजपूत हत्याकांड में अदालत ने सौरभ की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को दोषी करार देते हुए फांसी की सजा सुनाई है। मुकदमे की सुनवाई और जेल में बंद रहने के दौरान ही मुस्कान ने इस बच्ची को जन्म दिया था। अब जब अदालत ने दोनों दोषियों को मौत की सजा सुना दी है, तब से ही जेल में रह रही इस नन्हीं बच्ची की देखरेख, संरक्षण और भविष्य के इंतजाम को लेकर समाज और कानूनी हलकों में लगातार चिंता जताई जा रही थी।
पहले भी पीड़ितों की मदद का दावा, अब कानूनी प्रक्रिया पर टिकी निगाहें
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ब्रांड प्रमोटर फैजान अंसारी ने दावा किया कि वे पहले भी चर्चित मामलों में जरूरतमंदों की मदद करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभिनेता सैफ अली खान से जुड़े मामले में घायल ऑटो चालक और हाल ही में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से जुड़े एक पीड़ित की भी उन्होंने सहायता की थी। हालांकि, बच्ची की परवरिश से जुड़ी फैजान की इस मानवीय पहल पर अंतिम मुहर बाल कल्याण समिति (CWC), लागू कानूनों और जिला अदालत की कानूनी पड़ताल के बाद ही लग सकेगी कि बच्ची के सर्वोत्तम हित में यह पेशकश स्वीकार की जाती है या नहीं।










