मुजफ्फरनगर-दिवाली की रात बनी कार ,डिवाइडर से टकराई कार बनी आग का गोला 6 लोगों की मौत
जींद से हरिद्वार जा रहे थे कार सवार, आग की लपटों के आगे बेबस रहे राहगीर
पुलिस और दमकल के पहुंचने से पहले सब कुछ खाक, शव बुरी तरह जले
मुजफ्फरनगर (BNE): उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में दिवाली की रात एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा पेश आया। तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी गांव के निकट रविवार देर रात एक तेज रफ्तार हुंडई ऑरा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। पलटते ही कार में अचानक भीषण आग लग गई और वह आग का गोला बन गई। लपटें इतनी विकराल थीं कि अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला, जिसके चलते कार में सवार महिला और मासूम बच्चे सहित सभी छह लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
जींद से हरिद्वार जा रहे थे कार सवार, आग की लपटों के आगे बेबस रहे राहगीर
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी छह लोग हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले थे और जींद से हरिद्वार दर्शन के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जागाहेड़ी के पास अचानक वाहन से नियंत्रण खो गया और कार जोरदार आवाज के साथ डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गई। इसके तुरंत बाद ईंधन रिसाव या शॉर्ट सर्किट के कारण कार में भीषण आग भड़क उठी। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने आग बुझाने और फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयंकर लपटों और लपटों के फैलाव के आगे कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
पुलिस और दमकल के पहुंचने से पहले सब कुछ खाक, शव बुरी तरह जले
राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद तितावी थाना पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां आनन-फानन में मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी का ढांचा और अंदर बैठे सभी छह लोग पूरी तरह जल चुके थे। पुलिस ने बेहद सावधानी से कंकाल बन चुके शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात संजय महाडिक और सीओ फुगाना ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
चित्रकूट में दीपदान से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की मौत और 12 घायल
उधर, उत्तर प्रदेश के ही चित्रकूट जिले में एक अन्य भीषण सड़क हादसे में मासूम बच्चे सहित चार श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बा स्थित पावर हाउस के पास झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात करीब ढाई बजे हुआ। ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला लोहे का गुल्ला (हिच) अचानक टूटने के कारण अनियंत्रित ट्रॉली सीधे हाईवे से नीचे उतरकर पलट गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी श्रद्धालु दीपदान के धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने के बाद वापस प्रयागराज लौट रहे थे। गंभीर रूप से घायल 7 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों में तीन लोग मध्य प्रदेश के रीवा और एक प्रयागराज का निवासी बताया गया है।










