मुंबई-शादी के तीसरे दिन दुल्हन ने पति समेत पूरे घर को खिला दी चूहेमार दवा ,जेवर लेकर हुई फरार
ग्रामीणों ने किया विरोध, दोनों महिलाएं हिरासत में,झारखंड की रहने वाली हैं दोनों आरोपी महिलाएं
मुंबई(BNE)- महाराष्ट्र के जलगांव जिले में शादी की खुशियां उस समय मातम और सदमे में बदल गईं, जब कथित तौर पर एक नवविवाहिता ने शादी के तीसरे दिन अपने पति और ससुराल के सदस्यों के खाने में चूहे मारने की दवा मिला दी। खाना खाने के कुछ देर बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वारदात के बाद आरोपी दुल्हन एक अन्य महिला के साथ घर से गहने और शादी में मिले पैसे लेकर फरार हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया है।
7 अक्टूबर को हुई थी शादी, 9 अक्टूबर की रात वारदात
यह मामला जलगांव जिले के परोला तालुका के वेल्हाने गांव का है। यहां 32 वर्षीय युवक की शादी 7 अक्टूबर को हुई थी। आरोप है कि 9 अक्टूबर की रात दुल्हन ने पति समेत परिवार के चार सदस्यों के खाने में चूहे मारने की दवा मिला दी। खाना खाने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।
बुजुर्ग दंपती को धुले के सरकारी अस्पताल में कराया भर्ती
परिवार के सदस्यों की हालत बिगड़ने के बाद मामले का खुलासा हुआ। बुजुर्ग दंपती को इलाज के लिए धुले के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। उपचार के बाद परिवार के सदस्यों की हालत में सुधार होने की सूचना है।
ग्रामीणों ने किया विरोध, दोनों महिलाएं हिरासत में
घटना के बाद आरोपी महिलाओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों ने पुलिस स्टेशन के सामने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार होने की कोशिश कर रही दोनों महिलाओं को धुले जिले के निमगुल गांव के पास से हिरासत में ले लिया।
झारखंड की रहने वाली हैं दोनों आरोपी महिलाएं
पुलिस के अनुसार, आरोपी दुल्हन की पहचान सुमन सुभाष साहनी के रूप में हुई है, जबकि दूसरी महिला का नाम आरती सूर्याक्ष पटेल बताया गया है। दोनों झारखंड की रहने वाली हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक दूसरे राज्य की युवती से शादी करने के लिए कथित तौर पर 2.5 लाख रुपये देकर उसे महाराष्ट्र लाया था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।










